राज्य सरकार ने जमीन नामांतरण में गड़बड़ी के मामले में कांके के तत्कालीन अंचल निरीक्षक चंचल किशोर प्रसाद के खिलाफ कार्रवाई का फैसला किया है। प्रसाद अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं, इसलिए दंड के तौर पर उनकी पेंशन से राशि काटी जाएगी। विभागीय जांच की अनुशंसा पर राज्य सरकार ने उनकी पेंशन से पांच प्रतिशत कटौती का निर्णय लिया है, जो 10 वर्षों तक जारी रहेगी।

मामला कांके प्रखंड के मौजा चामा का है। आरोप है कि तत्कालीन अंचल निरीक्षक ने खाता संख्या-87, प्लाट संख्या-1232 और कुल रकबा 188.33 डिसमिल की उस भूमि का नामांतरण 16 व्यक्तियों के नाम अनुशंसित किया, जो सर्वे खतियान में गैर मजरूआ मालिक प्रति कादीम के रूप में दर्ज थी। आरोप के अनुसार, राजस्व कागजात की गहन जांच किए बिना यह अनुशंसा की गई थी।

रांची के उपायुक्त ने इस संबंध में उनके विरुद्ध आरोप गठित करते हुए राज्य सरकार से कार्रवाई की अनुशंसा की थी। इसके बाद राज्य सरकार ने विभागीय कार्यवाही शुरू की और इसकी जिम्मेदारी विभागीय जांच पदाधिकारी रामाकांत सिंह को दी। जांच पदाधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में उपायुक्त के आरोप पत्र की पुष्टि करते हुए कार्रवाई की अनुशंसा की।

राज्य सरकार ने जांच रिपोर्ट और चंचल किशोर के बचाव में रखे गए तथ्यों की समीक्षा के बाद झारखंड पेंशन नियमावली के नियम-43 (ख) के तहत पेंशन से राशि कटौती का निर्णय लिया। विभागीय मंत्री ने भी इस पर अनुमोदन दिया। इससे पहले उन्हें दूसरा शोकाज जारी किया गया था, लेकिन उन्होंने उसका जवाब नहीं दिया। इसके बाद 10 वर्षों तक पेंशन से पांच प्रतिशत कटौती की कार्रवाई की गई।