बदायूं में शादी समारोह के दौरान बरात के जाम में एंबुलेंस फंसने से एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। पति ने मैरिज लॉन संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में बदायूं-बरेली मार्ग की घटना है। मृतका के पति भूपेंद्र के मुताबिक, उनकी पत्नी किरन लीवर की बीमारी से पीड़ित थीं और बरेली के प्रेमनगर स्थित एक हायर सेंटर में उनका उपचार चल रहा था। गुरुवार शाम करीब साढ़े आठ बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इस पर उन्होंने निजी एंबुलेंस बुलवाई और पत्नी को लेकर बरेली के लिए रवाना हुए।
रात करीब नौ बजे प्रसाद मंदिर के पास पहुंचे तो एंबुलेंस जाम में फंस गई। पुरानी चुंगी स्थित पर्ल मैरिज लान में शादी समारोह के दौरान बरात चढ़ रही थी और डीजे पर नाचते बारातियों के कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो गया था। भूपेंद्र का आरोप है कि प्रसाद मंदिर से शहीद भगत सिंह पुलिस चौकी तक वाहनों की लंबी कतार लगी थी और करीब एक घंटे तक एंबुलेंस जाम से नहीं निकल सकी। काफी देर बाद रास्ता मिलने पर वह बरेली पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने किरन को मृत घोषित कर दिया। पति का कहना है कि समय से अस्पताल पहुंच जातीं तो शायद उनकी जान बच सकती थी।
भूपेंद्र ने आरोप लगाया कि मैरिज लॉन में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं है और समारोहों के दौरान सड़क पर वाहन खड़े होने तथा बरात चढ़ने से अक्सर जाम लगता है। उन्होंने संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। चौकी प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि बरात चढ़ने के दौरान मैरिज लान से चौकी तक करीब ढाई घंटे जाम रहा और वह स्वयं मौके पर जाम खुलवाने में जुटे थे। एंबुलेंस में महिला की मौत के संबंध में शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है।
