उत्तरकाशी के बाड़ागड्डी क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शनिवार को आंदोलन तेज हो गया। मस्ताड़ी गांव के पूर्व प्रधान सत्यनारायण सेमवाल सुबह करीब नौ बजे जोशियाड़ा झूला पुल के ऊपर चढ़ गए और चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वह पुल से छलांग लगा देंगे। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जबकि पुलिस और प्रशासन की टीम ने उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए।
इस बीच, बाड़ागड्डी क्षेत्र की नौ सूत्रीय मांगों को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीण जोशियाड़ा मार्ग पर चक्काजाम कर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से क्षेत्र के गांव आपदा के खतरे, भू-धंसाव, नदी कटाव, सड़क और संचार जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन इनका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने अपनी मांगों को 'त्रिशूल मांग' नाम दिया है।
आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में इंद्रावती नदी पर बाढ़ और कटाव से बचाव के लिए सुरक्षा दीवार एवं तटबंध निर्माण, धार्मिक आस्था के अनुरूप देव स्नान घाट और मोक्ष घाट का निर्माण तथा वर्ष 1998 से लंबित मस्ताड़ी गांव के विस्थापन की प्रक्रिया पूरी करना शामिल है। इसके अलावा जसपुर सड़क पर हो रहे भू-धंसाव की रोकथाम, मांडो गांव की सुरक्षा के लिए तत्काल कार्य शुरू करने और दिलसौड़-चमकोट व मुस्टिकसौड़-कुरोली-किशनपुर मोटर मार्ग के निर्माण एवं सुधारीकरण की मांग भी उठाई गई है।
ग्रामीणों ने बाड़ागड्डी, किशनपुर और आसपास के गांवों में मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था दुरुस्त करने, जोशियाड़ा क्षेत्र में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा जंगली जानवरों से ग्रामीणों की जान-माल और फसलों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग भी की है। आंदोलनकारियों ने कहा कि समस्याएं केवल बाड़ागड्डी क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरी विधानसभा के अलग-अलग क्षेत्रों में सड़क, भू-धंसाव, नदी कटाव, आपदा सुरक्षा, संचार और जंगली जानवरों से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने सभी क्षेत्रों के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं से आपसी मतभेद भुलाकर जनसमस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होने की अपील की है। फिलहाल झूला पुल पर पूर्व प्रधान के चढ़ने और जोशियाड़ा मार्ग पर ग्रामीणों के चक्काजाम के चलते क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस तथा प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं।
