ग्वालियर हाईकोर्ट की बेंच ने कैंसर पीड़ित एक कैदी के इलाज में लापरवाही के मामले में ग्वालियर एसएसपी को फटकार लगाई है। मामला ग्वालियर सेंट्रल जेल में बंद नरहरि नाम के कैदी से जुड़ा है, जो कैंसर से पीड़ित है। दिसंबर 2025 में नरहरि को दिल्ली के एम्स हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहां डॉक्टर ने उसे मार्च 2025 में फॉलो अप के लिए बुलाया था।

जेल प्रशासन ने कैदी को एम्स ले जाने के लिए ग्वालियर पुलिस को 34 बार पत्र लिखा, लेकिन पुलिस बल उपलब्ध नहीं कराया गया। इसकी वजह से कैदी समय पर एम्स पहुंचकर अपना ट्रीटमेंट फॉलो अप नहीं करा सका। मामला कोर्ट में पहुंचने पर कोर्ट ने एसएसपी को तलब किया।

कोर्ट में पेशी के दौरान एसएसपी ने दलील दी कि वे ग्वालियर में मौजूद नहीं थे और ट्रेनिंग के लिए हैदराबाद गए हुए थे। उन्होंने लिखित रूप से माफी मांगी। इसके बाद एसएसपी ने रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह सिकरवार और आरक्षक देवेंद्र भदौरिया को निलंबित करने का आदेश जारी किया।

रक्षित निरीक्षक पर आरोप है कि उन्होंने अपने कर्तव्य का पालन ठीक ढंग से नहीं किया, जबकि आरक्षक देवेंद्र भदौरिया पर आरोप है कि उसने मिले हुए पत्रों की फाइल को आगे नहीं बढ़ाया।