पूर्णिया एयरपोर्ट पर उद्घाटन के 14 महीने बाद भी सीमित उड़ानें और अधिक किराया यात्रियों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण दिल्ली, हैदराबाद जैसे शहरों का किराया बागडोगरा से कई गुना अधिक है। यात्रियों की संख्या के लिहाज से पूर्णिया एयरपोर्ट ने गयाजी को पछाड़कर बिहार में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है, लेकिन उद्घाटन के 14 माह बाद भी यहां से अधूरे अरमानों के साथ उड़ानें भरी जा रही हैं। शुरुआत में दिल्ली, कोलकाता, हैदराबाद और अहमदाबाद के लिए उड़ानें शुरू हुई थीं, लेकिन 14 महीने बीतने के बाद भी यह सिलसिला पांचवें शहर तक नहीं पहुंच सका है। वर्तमान में आगमन और प्रस्थान को मिलाकर कुल दस विमानों का ही परिचालन हो रहा है। मुंबई और बंगलौर के लिए सीधी उड़ान की मांग लगातार उठ रही है, लेकिन इस दिशा में अब तक सिर्फ दिलासा ही मिला है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी भी दबी जुबान में स्वीकार करते हैं कि संसाधनों की कमी ही उड़ानों की सीमित संख्या की मुख्य वजह है। यह एयरपोर्ट आज भी चुनापुर सैन्य हवाई अड्डे के संसाधनों के भरोसे संचालित हो रहा है और इसका अपना स्वतंत्र एप्रन तक तैयार नहीं हो पाया है। पोर्टा केबिन के सहारे शुरू हुई व्यवस्था अब भी स्थायी निर्माण की राह देख रही है।
अररिया, किशनगंज, कटिहार और कोसी के जिलों से भी यात्रियों का भारी दबाव पूर्णिया एयरपोर्ट पर रहता है। मांग के अनुरूप फ्लाइट की संख्या नहीं होने के कारण यहां का हवाई किराया आसमान छू रहा है। त्योहारी सीजन में दिल्ली का किराया 20 हजार रुपये तक पहुंच गया था। यही हाल हैदराबाद, अहमदाबाद और कोलकाता के किराए का भी है। यहां से करीब 160 किलोमीटर दूर स्थित बागडोगरा एयरपोर्ट की तुलना में पूर्णिया का किराया दोगुने से भी अधिक रहता है। ऐसे में निम्न मध्यम वर्ग के यात्री मजबूरन बागडोगरा या मधुबनी का रुख करते हैं।
पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था, जिससे पूरे सीमांचल में उत्साह की लहर दौड़ गई थी। मंच से प्रधानमंत्री ने कहा था कि अब 'हवाई चप्पल वाले भी हवाई सफर करेंगे'। इस इलाके के लगभग चार लाख लोग रोजी-रोटी के सिलसिले में देश के विभिन्न महानगरों और बड़े शहरों में काम करते हैं। एयरपोर्ट शुरू होने पर इन प्रवासी कामगारों और उनके परिवारों को उम्मीद बंधी थी कि अब वे कम समय और सहजता से घर आ-जा सकेंगे, लेकिन उड़ानों की कमी और बेलगाम किराए ने आम लोगों के इस सपने को बड़ा झटका दिया है।
