पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एंबुलेंस सवार पांच लोगों की मौत हो गई। लखनऊ से गाजीपुर जा रही एंबुलेंस बाराबंकी के हैदरगढ़ क्षेत्र में सुबेहा के गेरावां गांव के पास एक्सप्रेसवे के 53.3वें किलोमीटर पर पहले से खड़ी पिकअप से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

112 कंट्रोल रूम को करीब साढ़े छह बजे एक राहगीर ने हादसे की सूचना दी। सूचना पर पुलिस और एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ पहुंचाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस सवार जयपुर से एक शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रहे थे।

सुबेहा थाना निरीक्षक बेचू सिंह ने बताया कि सभी पांच लोगों को वहां मृत घोषित कर दिया गया। प्रभारी पुलिस अधीक्षक एसपी विवेक तिवारी और सीओ हैदरगढ़ समीर सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया।

हैदरगढ़ कोतवाल अनिल कुमार पांडे ने बताया कि शवों की पहचान के बाद परिवारजन को सूचना दे दी गई है। चार शवों की पहचान राजस्थान के अलवर निवासी हरि ओम योगी, पश्चिम बंगाल के कोच बिहार निवासी अमिनूर हक, पश्चिम बंगाल के सुकनस निवासी रूपिक और राजस्थान के जयपुर निवासी मकबूल खान के रूप में हुई है। पांचवें मृतक की पहचान वाहन चालक आलम के रूप में हुई, जो पश्चिम बंगाल के कोच बिहार के सुल्तानगंज का रहने वाला था।