वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने विषम सेमेस्टर परीक्षाओं में 20 नवंबर को 34 परीक्षा केंद्रों पर छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज न करने पर कड़ी चेतावनी जारी की है। कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने इस लापरवाही पर नाराजगी जताई, जिसके बाद परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने सभी केंद्राध्यक्षों को निर्देश दिए हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार परीक्षा से पहले ही सभी केंद्राध्यक्षों और प्राचार्यों को हर पाली में उपस्थिति-अनुपस्थिति ऑनलाइन दर्ज करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे, लेकिन कई केंद्रों ने पालन नहीं किया। इसे परीक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही माना गया है।
जारी सूची के अनुसार राजा श्री कृष्ण दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 128, सल्तनत बहादुर महाविद्यालय में दोपहर की पाली में 101 और शाम की पाली में 67, लाची देवी महिला महाविद्यालय में 76, रघुनंदन किशुनदेव पीजी कॉलेज में 55 और सीताराम शांति निकेतन महिला महाविद्यालय में 40 छात्रों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज नहीं हुई। इसी तरह अन्य केंद्रों पर भी दो से 37 छात्रों तक की उपस्थिति दर्ज नहीं की गई।
परीक्षा नियंत्रक ने सभी केंद्राध्यक्षों को प्रत्येक परीक्षा तिथि की हर पाली में शत-प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने और सभी केंद्रों को विश्वविद्यालय के सीसीटीवी मॉनिटरिंग सेल से लिंक करने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में ऐसी स्थिति मिलने पर संबंधित केंद्र की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
