फरीदाबाद के प्याला रेलवे स्टेशन पर मंगलवार रात ड्यूटी के दौरान दो आरपीएफ कर्मियों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। सूत्रों के अनुसार मौके पर पहुंचे एक सब इंस्पेक्टर पर भी दोनों के साथ मारपीट करने का आरोप है। दोनों कर्मियों का मेडिकल नहीं कराया गया और न ही कोई केस दर्ज हुआ है। आरपीएफ के उच्च अधिकारियों पर मामला छिपाने का आरोप है।

पलवल में तैनात आरपीएफ हेड कांस्टेबल राजपाल और देवनाथ की मंगलवार की रात प्याला रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी थी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ड्यूटी के दौरान किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों कर्मचारियों में जमकर हाथापाई हुई।

सूत्रों के मुताबिक घटना की जानकारी मिलने पर पलवल आरपीएफ पोस्ट पर तैनात सब इंस्पेक्टर सूबे यादव मौके पर पहुंचे। आरोप है कि सब इंस्पेक्टर ने दोनों को समझाने के बजाय उनके साथ मारपीट की, जिसमें दोनों को चोटें भी आईं।

बताया जा रहा है कि इस घटनाक्रम में दोनों आरपीएफ कर्मियों का मेडिकल नहीं कराया गया और न ही कोई केस दर्ज किया गया है। सूत्रों के अनुसार आरपीएफ पलवल पोस्ट से लेकर अन्य उच्च अधिकारी इस मामले को छिपाने में जुटे हैं।