नई दिल्ली: भारत ने शुक्रवार को कहा कि कतर में चार साल से अधिक समय से हिरासत में रखे गए भारतीय नौसेना के पूर्व अधिकारी पूर्णेंदु तिवारी के स्वास्थ्य का हाल जानने के लिए वह कतर के अधिकारियों के संपर्क में है। मीडिया में ऐसी खबरें आई हैं कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि तिवारी की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में मीडिया में कुछ खबरें देखी गई हैं। उन्होंने बताया कि उनकी कुशलक्षेम जानने के लिए कतर के अधिकारियों से संपर्क किया गया है और यह भी कहा गया है कि अगर तिवारी को उचित चिकित्सा देखभाल की जरूरत है तो उन्हें यह उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

जायसवाल ने कहा कि भारत को यह भी पता चला है कि उन्हें हाल ही में अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उनकी चिकित्सा स्थिति के संबंध में अधिक जानकारी मांगी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार तिवारी के लिए हरसंभव प्रयास करने के लिए प्रतिबद्ध है और उनके परिवार के सदस्यों के साथ-साथ कतर के अधिकारियों के भी संपर्क में है।

पूर्णेंदु तिवारी भारतीय नौसेना के उन आठ पूर्व अधिकारियों में शामिल थे, जिन्हें 2022 में जासूसी के आरोपों में कतर के अधिकारियों ने गिरफ्तार किया था। कतर की अदालत द्वारा उनकी सजा कम किए जाने और वहां के अमीर के बाद में रिहाई का आदेश देने के बाद अन्य सात अधिकारी भारत लौट चुके हैं, जबकि तिवारी अब भी हिरासत में हैं।