ब्रिटिश एविएशन मैगजीन फ्लाइट ग्लोबल की एक ताजा रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत के पास 36 के बजाय 32 एक्टिव राफेल विमान हैं। रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया है कि बाकी चार विमान कहां हैं या उन्हें सक्रिय सूची से क्यों हटाया गया। मैगजीन ने पिछले साल की अपनी रिपोर्ट में 35 राफेल विमानों को सक्रिय बताया था और इस बार संख्या घटाकर 32 कर दी गई है, लेकिन इस बदलाव का कोई कारण या समर्थन में सबूत नहीं दिया गया है। यह रिपोर्ट ब्रिटेन की एविएशन डेटा और एनालिटिक्स कंपनी सीरियम के आंकड़ों के आधार पर तैयार की गई है।

पूर्व वायुसेना उप प्रमुख एयर मार्शल एन. तिवारी ने इस रिपोर्ट के आंकड़ों को पूरी तरह गलत बताया है और मैगजीन से अपने सूत्रों की विश्वसनीयता की दोबारा जांच करने को कहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा कि फ्लाइटग्लोबल के इन्हीं सूत्रों ने पहले उन राफेल विमानों के टेल नंबर दिए थे, जिन्हें पाकिस्तान ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मार गिराने का दावा किया था। तिवारी के मुताबिक, उन टेल नंबर वाले विमान बाद में अंतरराष्ट्रीय सैन्य अभ्यासों में उड़ान भरते दिखाई दिए। उन्होंने भारतीय वायुसेना की पहली महिला राफेल पायलट स्क्वॉड्रन लीडर शिवांगी सिंह का भी जिक्र किया और कहा कि इन्हीं सूत्रों ने उन्हें ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बंदी बनाए जाने का दावा किया था, जबकि बाद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ उनकी तस्वीर सामने आई थी।

फ्लाइटग्लोबल की रिपोर्ट सामने आने के बाद पाकिस्तान ने इसे अपने दावे के समर्थन में पेश किया है। पाकिस्तान का दावा रहा है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उसने भारत के चार राफेल विमान मार गिराए थे और पाकिस्तानी अखबार डॉन ने भी रिपोर्ट के आंकड़ों को इस दावे की पुष्टि के तौर पर पेश किया। हालांकि, पाकिस्तान ने अपने दावे के समर्थन में विमानों के मलबे या सैटेलाइट तस्वीरों जैसे सत्यापित सबूत पेश नहीं किए हैं। भारत के रक्षा अधिकारियों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान विमान खोने की बात स्वीकार की थी, लेकिन विमानों की संख्या और उनके प्रकार की जानकारी नहीं दी थी और चार राफेल गिराने के पाकिस्तान के दावे को खारिज किया था।

भारत ने फ्रांस से कुल 36 राफेल खरीदे थे, जिनमें 28 एक सीट वाले और 8 दो सीट वाले विमान शामिल हैं। मैगजीन ने भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों की सूची में राफेल DH/EH की संख्या 32 बताई है। जून 2026 में भारतीय वायुसेना ने सभी 36 राफेल विमानों के लिए ब्रिज सपोर्ट मांगा था, जिसे पूरे बेड़े के लिए तकनीकी सहायता और रखरखाव की योजना के तौर पर देखा जा रहा है। फ्लाइटग्लोबल के मुताबिक, भारत 114 और राफेल विमान खरीदने की योजना पर काम कर रहा है, जबकि भारतीय नौसेना के लिए 26 राफेल का अलग ऑर्डर दिया जा चुका है।