भारतीय वायुसेना के राफेल लड़ाकू विमानों की संख्या को लेकर एक ब्रिटिश एविएशन मैगजीन की रिपोर्ट चर्चा में है। मैगजीन 'फ्लाइटग्लोबल' ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि भारत के पास अब सक्रिय राफेल विमानों की संख्या 32 रह गई है। भारत ने फ्रांस से कुल 36 राफेल विमान खरीदे थे। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि वर्तमान में भारतीय वायुसेना के पास केवल चार राफेल विमान ऑपरेशनल हैं। मैगजीन ने इस जानकारी के स्रोत का खुलासा नहीं किया है और नीचे एक नोट लगाकर जानकारी में गलती होने पर कानूनी जिम्मेदारी से इनकार किया है।

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेवा दे चुके रिटायर वाइस एयर चीफ नर्मदेश्वर तिवारी ने इस रिपोर्ट को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि मैगजीन को अपने स्रोतों की दोबारा जांच करनी चाहिए। उनका कहना है कि यही मैगजीन ऑपरेशन सिंदूर के बाद अपनी रिपोर्ट में 35 सक्रिय राफेल विमानों का जिक्र कर चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस विमान के गिराए जाने का दावा किया गया था, उसका टेल नंबर कई युद्धाभ्यासों में हिस्सा ले चुका है।

रिपोर्ट के स्रोत को लेकर एक सोशल मीडिया अकाउंट ने दावा किया है कि मैगजीन ने पाकिस्तान समर्थक पत्रकार एलन वॉर्न्स की रिपोर्टिंग का सहारा लिया है। वॉर्न्स पर यह भी आरोप लगाया जाता है कि पाकिस्तानी वायुसेना ने प्रोपोगेंडा फैलाने के लिए उन्हें 34,000 पाउंड का भुगतान किया था। वॉर्न्स ने ऑपरेशन सिंदूर पर अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि भारत के चार राफेल विमान गिरे थे और इसके लिए बीएस-001, बीएस-021, बीएस-022 और बीएस-027 टेल नंबर बताए थे। गणतंत्र दिवस के फ्लाईपास्ट में बीएस-022 के उड़ान भरने पर यह दावा झूठा साबित हुआ था।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान लगातार भारतीय विमानों को गिराने का दावा करता रहा है और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी इस तरह के दावे करते रहे हैं। इससे पहले पाकिस्तान ने भारतीय महिला पायलट शिवांगी सिंह के जेट को गिराने और उन्हें बंदी बनाने का दावा किया था, जो राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के साथ उनकी तस्वीर सामने आने पर झूठा साबित हुआ। पाकिस्तान ने एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम को नष्ट करने का दावा भी किया था। विशेषज्ञों के मुताबिक, भारतीय वायुसेना ने डिकॉय प्लेन्स का इस्तेमाल किया था, जिन्हें गिराकर पाकिस्तान भारतीय फाइटर जेट गिराने का दावा करता रहा है।