भारतीय वायुसेना के राफेल विमानों की संख्या को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ब्रिटिश एविएशन मैगजीन फ्लाइटग्लोबल की ताजा रिपोर्ट में भारत के 36 राफेल विमानों में से सिर्फ 32 को ऑपरेशनल बताया गया है। रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया कि बाकी चार विमान कहां हैं या उन्हें सक्रिय सूची से क्यों हटाया गया। पूर्व वायुसेना उप प्रमुख एयर मार्शल एन. तिवारी (रिटायर्ड) ने इन आंकड़ों को पूरी तरह गलत बताया है और मैगजीन से अपने सूत्रों की विश्वसनीयता की दोबारा जांच करने को कहा है।
तिवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जिन सूत्रों ने पहले राफेल विमानों के टेल नंबर देकर उन्हें मार गिराने का दावा किया था, वे विमान बाद में अंतरराष्ट्रीय सैन्य अभ्यासों में उड़ान भरते दिखे। उन्होंने भारतीय वायुसेना की पहली महिला राफेल पायलट स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह का भी जिक्र किया और कहा कि इन्हीं सूत्रों ने उन्हें युद्ध के दौरान बंदी बनाए जाने का दावा किया था, जबकि बाद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ उनकी तस्वीर सामने आई थी।
फ्लाइटग्लोबल की 'वर्ल्ड एयर फोर्सेज डायरेक्टरी' में भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों की सूची में राफेल DH/EH की संख्या 32 बताई गई है। DH दो सीटों वाला और EH एक सीट वाला राफेल विमान है। भारत ने फ्रांस से कुल 36 राफेल खरीदे थे, जिनमें 28 एक सीट वाले और 8 दो सीट वाले विमान शामिल हैं। पिछले साल की रिपोर्ट में मैगजीन ने 35 राफेल विमानों को सक्रिय बताया था। इस बार संख्या घटाकर 32 कर दी गई है, लेकिन रिपोर्ट में इस बदलाव का कोई कारण या समर्थन में सबूत नहीं दिया गया है। यह रिपोर्ट ब्रिटेन की एविएशन डेटा और एनालिटिक्स कंपनी सीरियम के आंकड़ों के आधार पर तैयार की गई है।
रिपोर्ट सामने आने के बाद पाकिस्तान ने इसे अपने दावे के समर्थन में पेश किया। पाकिस्तान का दावा रहा है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उसने भारत के चार राफेल विमान मार गिराए थे। पाकिस्तान के अखबार डॉन ने भी रिपोर्ट के आंकड़ों को इस दावे की पुष्टि के तौर पर पेश किया। हालांकि, पाकिस्तान ने अपने दावे के समर्थन में राफेल विमानों के मलबे या सैटेलाइट तस्वीरों जैसे सत्यापित सबूत पेश नहीं किए हैं। भारत के रक्षा अधिकारियों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान विमान खोने की बात स्वीकार की थी, लेकिन विमानों की संख्या और उनके प्रकार की जानकारी नहीं दी थी और पाकिस्तान के चार राफेल गिराने के दावे को खारिज किया था।
जून 2026 में भारतीय वायुसेना ने सभी 36 राफेल विमानों के लिए 'ब्रिज सपोर्ट' मांगा था, जो लड़ाकू विमानों के तकनीकी सहयोग और लॉजिस्टिक्स के लिए दिया जाने वाला अल्पकालिक अनुबंध होता है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस टेंडर को पूरे राफेल बेड़े के लिए तकनीकी सहायता और रखरखाव की योजना के तौर पर देखा जा रहा है, हालांकि इससे यह साबित नहीं होता कि सभी 36 विमान एक ही समय पर ऑपरेशनल थे। फ्लाइटग्लोबल की रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि भारत 114 और राफेल विमान खरीदने की योजना पर काम कर रहा है, जिसके लिए फ्रांस को ऑर्डर दिया गया है, वहीं भारतीय नौसेना के लिए 26 राफेल विमानों का अलग ऑर्डर दिया जा चुका है।
