कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर पलटवार किया। राहुल गांधी ने लिखा कि नोटबंदी और GST ने छोटे व्यापारियों को बर्बाद कर दिया। उनका कहना है कि ईमानदारी से प्रतिस्पर्धा करने वाली बड़ी कंपनियों के लिए मैदान ही खत्म कर दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि मोनोपॉली से नौकरियां पैदा नहीं होतीं, इससे कीमतें बढ़ती हैं और प्रतिस्पर्धा खत्म हो जाती है।
राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है जब प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को FICCI के एक कार्यक्रम में कहा था कि सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत किया और 12 लाख रुपए तक की सालाना कमाई को टैक्स फ्री कर दिया। पीएम मोदी ने सवाल उठाया था कि क्या कंपनियों ने कर्मचारियों की सैलरी और संख्या बढ़ाई।
अपनी पोस्ट में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी जी और उनके दोस्तों ने लूट की है। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे, बंदरगाह, खदानें, जंगल, बिजली, कोयला और सड़कें बड़े उद्योगपतियों को सौंप दी गईं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया कि इससे कितनी नौकरियां पैदा हुईं। राहुल ने कहा कि सरकार की नीतियों ने उद्योगपतियों, छोटे व्यापारियों, महंगाई से जूझ रहे गरीब और मध्यम वर्ग तथा बेरोजगार युवाओं में किसी को भी तारीफ के काबिल नहीं छोड़ा।
इससे पहले 19 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी ने उद्योगपतियों से स्वदेशी अपनाने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि गांधीजी स्वदेशी का संदेश दे गए और 100 साल बाद भी वही बात दोहरानी पड़ रही है। पीएम ने कहा था कि मेरी बात मत मानिए, कम से कम गांधीजी की तो मानिए।
