कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका के शिकागो में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की तारीफ की है। उन्होंने पुतिन को उन नेताओं में बताया जिनकी भू-राजनीतिक समझ बेहद गहरी है। राहुल गांधी 18 नवंबर को यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में ‘द ईरान वॉर एंड इंडियाज रोल इन द वर्ल्ड’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस चर्चा में यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो के प्रोफेसर रॉबर्ट पेप भी मौजूद थे। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ईरान युद्ध, रूस, अमेरिका, पश्चिमी देशों और भारत की विदेश नीति पर बातचीत हुई।
प्रोफेसर रॉबर्ट पेप ने अमेरिका में नेतृत्व के बदलते स्वरूप पर राहुल गांधी की राय जाननी चाही। उन्होंने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का उदाहरण देते हुए अलग-अलग विचारधाराओं से आने वाले युवा नेताओं के उभार पर सवाल पूछा। जवाब में राहुल गांधी ने इसे अच्छा बदलाव बताया। उन्होंने कहा कि जब वह पहली बार राजनीति में आए थे, तब पश्चिमी देशों के नेताओं को दुनिया के दूसरे हिस्सों की अच्छी समझ होती थी। उन्होंने ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर से हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि तब उन्हें लगा था कि ब्लेयर को अफगानिस्तान और भारत जैसे देशों की स्थिति की समझ है। हालांकि, उनके मुताबिक, बाद में पश्चिमी नेतृत्व में ऐसा दौर आया जब कुछ नेताओं का ध्यान अपने देश के अंदरूनी मामलों पर केंद्रित हो गया और दूसरे देशों की जमीनी हकीकत की उन्हें पर्याप्त जानकारी नहीं थी। राहुल गांधी ने कहा कि वह किसी एक देश की बात नहीं कर रहे, बल्कि पश्चिमी नेतृत्व में आए व्यापक बदलाव की ओर इशारा कर रहे हैं।
पुतिन का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘‘मिस्टर पुतिन की भू-राजनीतिक समझ उन सबसे गहरी है, जिनसे अब तक मेरा सामना हुआ है।’’ उनके मुताबिक, पुतिन अंतरराष्ट्रीय मामलों पर बहुत व्यापक दृष्टिकोण के साथ बात कर सकते हैं और यही क्षमता उन्हें प्रभावित करती है। राहुल गांधी ने अपनी टिप्पणी के अंत में यह भी कहा कि यह उनका व्यक्तिगत अनुभव है और जरूरी नहीं कि उनका आकलन पूरी तरह सही ही हो।
इससे पहले राहुल गांधी ने दूसरे विश्व युद्ध के बाद बनी वैश्विक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि वह व्यवस्था पश्चिमी देशों के नेतृत्व में तैयार की गई थी, लेकिन अब दुनिया की परिस्थितियां बदल रही हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य की वैश्विक व्यवस्था किसी एक सभ्यता या कुछ पश्चिमी देशों के नियंत्रण में नहीं होनी चाहिए और इसमें अमेरिका, चीन, भारत, मध्य पूर्व और रूस समेत कई देशों और सभ्यताओं की भूमिका होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि नई व्यवस्था तैयार करते समय दूसरे देशों की बात भी सुननी होगी और भारत जैसे बड़े देश को इस प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति का आधार दूसरे देशों के नेताओं के साथ व्यक्तिगत दोस्ती नहीं, बल्कि राष्ट्रीय हित होना चाहिए। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और राष्ट्रपति पुतिन के साथ प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तिगत संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय राजनीति केवल नेताओं की दोस्ती के आधार पर नहीं चलती।
