कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अमेरिका में दावा किया है कि भारत निर्वाचन आयोग के अंदर से ही उन्हें जानकारियां मिल रही हैं। यह बयान उन्होंने चुनाव में धांधली के आरोपों पर जवाब देते हुए दिया। यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में बोलते हुए राहुल ने कहा कि कई चुनाव अधिकारी इस संबंध में सामने आ रहे हैं, हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया।
राहुल गांधी ने कहा, 'मैं अब खुलकर बात करता हूं। चुनाव आयोग खुद ही हमें अंदर से जानकारियां दे रहा है। अब बस कुछ समय की बात है कि ये सिस्टम कब खत्म होगा।' उन्होंने यह भी दावा किया कि आयोग के वरिष्ठ अधिकारी कह रहे हैं कि अब वे यह और नहीं कर पाएंगे। बता दें कि विपक्षी दल लगातार मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साध रहे हैं और SIR को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
इससे पहले अक्टूबर में भी राहुल गांधी ने दावा किया था कि सीईसी ज्ञानेश कुमार के मैसेज उनके पास आते हैं। पूछे जाने पर उन्होंने कहा था कि मैसेज आते हैं और वे प्रेस कॉन्फ्रेंस देख रहे हैं। उन्होंने सीईसी से इस्तीफा देने की बात कही थी और कहा था कि हम उन लोगों के पीछे हैं जो इसके पीछे हैं।
चुनाव बहिष्कार पर राहुल ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र पवित्र है और जब तक पूरे सबूत न हों, कुछ कहना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष चुनाव नहीं लड़ेगा तो लोकतंत्र खत्म हो जाएगा, इसलिए उनकी रणनीति जो हो रहा है उसे सबके सामने लाना और हमलों का सामना करना है।
