कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इजरायल को लेकर दिए गए एक बयान पर सियासी बवाल खड़ा हो गया है। पिछले सप्ताह अमेरिका के शिकागो विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने इजरायल के साथ मजबूत संबंधों का समर्थन किया था। उन्होंने कहा था कि भारत की विदेश नीति इस बात पर निर्भर होनी चाहिए कि भारत के लिए क्या अच्छा है और हमारे कुछ रणनीतिक हित हैं, हम इजरायल से हथियार भी खरीदते हैं। साथ ही उन्होंने 7 अक्टूबर के हमलों और गाजा में इजरायल की कार्रवाई की भी निंदा की थी। बातचीत का यह हिस्सा राहुल गांधी ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया था।

इस बयान पर इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों ने सार्वजनिक रूप से आलोचना की है। सीपीआई (एम) नेता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सोशल मीडिया पर कहा कि गांधी की टिप्पणियां फिलिस्तीन पर कांग्रेस के पाखंड को उजागर करती हैं और उनका रुख नेहरू की विरासत को कमजोर करता है। उन्होंने यह भी कहा कि गाजा में नरसंहार के समय इजरायल के साथ मजबूत संबंधों की वकालत माफी लायक नहीं है।

सीपीआई (एमएल) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने फेसबुध पोस्ट में कहा कि गाजा में नरसंहार या फिलिस्तीन पर इजरायल के कब्जे को सामान्य नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने इजरायल के साथ भारत के मौजूदा रणनीतिक संबंधों और हथियारों की आपूर्ति को भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि के लिए नुकसानदेह बताया।

गौरतलब है कि कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने अगस्त 2025 में इजरायली सरकार पर नरसंहार का आरोप लगाया था और भारत सरकार की चुप्पी को शर्मनाक कहा था। जून में द इंडियन एक्सप्रेस में लिखे एक लेख में सोनिया गांधी ने भी गाजा में इजरायल की कार्रवाई के खिलाफ मोदी सरकार की चुप्पी को स्वीकार नहीं किए जाने की बात लिखी थी।