कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा सीटों की संख्या 850 किए जाने पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को ब्लैंक चेक मिल जाएगा। राहुल गांधी ने सभी विपक्षी दलों से इस मुद्दे पर एकजुट होकर विरोध करने की अपील की।

राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार लोकसभा की 850 सीटें करने का नया प्रस्ताव लेकर आए हैं। उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र के लिए ख़तरा बताया। उनका कहना था कि सरकार महिला आरक्षण का तर्क दे रही है, लेकिन इससे उसे भारत के राजनीतिक मानचित्र में बड़े बदलाव करने का मौका मिलेगा। राहुल गांधी ने दावा किया कि इस तरह क्षेत्रों को रीमैप किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को कांग्रेस पहले ही समर्थन दे चुकी है और उसकी मांग है कि सरकार इसे तुरंत लागू करे।

पत्रकारों ने राहुल गांधी से शरद पवार के रुख पर सवाल किया, क्योंकि उनकी पार्टी एनसीपी इस विधेयक के लिए केंद्र सरकार का समर्थन करने का संकेत दे चुकी है। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि भले ही शरद पवार इस बिल का समर्थन कर दें, मगर इंडिया ब्लॉक में उनकी पोजीशन नहीं बदलेगी। उन्होंने जेन-ज़ी को संबोधित करते हुए कहा कि जो डरते हैं वो भाग जाते हैं और जो नहीं डरते वो खड़े रहते हैं। उन्होंने जगन मोहन और चंद्रबाबू नायडू से भी लोकतंत्र की रक्षा के लिए जागने की अपील की।

राहुल गांधी ने परिसीमन आयोग की प्रस्तावित संरचना पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग में एक पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज का चयन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह करेंगे, जबकि तीसरे सदस्य की नियुक्ति मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार करेंगे। उनका आरोप था कि इससे सरकार को निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने में सीधा नियंत्रण मिल सकता है। इससे पहले शनिवार को इंडिया ब्लॉक के नेताओं की राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नई दिल्ली स्थित आवास पर बैठक हुई। बैठक के बाद विपक्षी दलों ने लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या बरकरार रखने, वर्तमान सीटों के आधार पर ही महिलाओं को आरक्षण देने और अगले 25 वर्षों तक राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा आवंटन बनाए रखने की मांग की।