लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चीन के शेनजेन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई त्रिपक्षीय वार्ता की तस्वीर साझा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत के प्रधानमंत्री इस मेज पर बैठे होते और एक समझौता किया हुआ प्रधानमंत्री कभी इस मेज पर नहीं बैठ सकता। इस पोस्ट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना माना जा रहा है।

इस पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी और कांग्रेस पर भारत के हितों से समझौता करने का आरोप लगाया। बीजेपी प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने आरोपों के समर्थन में इंदिरा गांधी सरकार द्वारा पाकिस्तान के युद्धबंदियों को रिहा किए जाने और मनमोहन सिंह के कार्यकाल के दौरान आए शर्म-अल-शेख बयान का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने शिमला समझौते के दौरान समझौता कर लिया था और पाकिस्तानी सैनिकों को रिहा कर दिया गया, जिसके बाद पाकिस्तान ने भारत में आतंकवाद फैलाना शुरू किया।

सिन्हा ने आगे आरोप लगाया कि कांग्रेस का समझौता करने का पुराना इतिहास रहा है और 7 अगस्त 2008 को कांग्रेस और सीसीपी के बीच एक गुप्त समझौता हुआ, जिसके बाद चीन की घुसपैठ कई गुना बढ़ गई। उन्होंने शर्म अल-शेख की घटना का भी जिक्र किया और कहा कि ऐसा लगता है कि राहुल गांधी को भारत को बदनाम करने के लिए पैसे दिए जाते हैं।

बीजेपी प्रवक्ता आरपी सिंह ने भी राहुल गांधी पर भारत के बारे में नकारात्मक नैरेटिव फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आज विश्व व्यवस्था में भारत का कद ऊंचा है और प्रधानमंत्री मोदी को ऐसे व्यक्ति के रूप में देखा जाता है, जिनके दुनिया भर के नेताओं के साथ अच्छे संबंध हैं। इससे पहले भारत की विदेश नीति पर टिप्पणी को लेकर भी बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधा था, जब राहुल गांधी ने भारत को वैश्विक भू-राजनीति में एक साइड प्लेयर बताया था।