लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उनके पिता की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या की जा सके। राहुल गांधी ने यह बात अपनी मां और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के संस्मरण पर उनसे बातचीत के दौरान कही। इस बातचीत में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं। इस चर्चा का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया गया है। राहुल के इस बयान से कांग्रेस के उस पुराने आरोप को फिर चर्चा में ला दिया है, जिसमें पार्टी ने तत्कालीन वीपी सिंह सरकार पर राजीव गांधी की सुरक्षा हटाने का आरोप लगाया था।

बातचीत के दौरान सोनिया गांधी ने साल 1991 की एक घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उस समय राहुल गांधी अपने पिता राजीव गांधी के साथ बिहार दौरे पर गए थे। इस दौरान भीड़ की ओर से राजीव गांधी पर पत्थर फेंके गए थे और उनके खिलाफ नारेबाजी भी की गई थी। सोनिया गांधी के मुताबिक, इस घटना के बाद जब राहुल घर लौटे तो उन्होंने अपनी मां से पिता की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जाहिर की थी। राहुल ने उनसे कहा था, 'मां, अगर हमने पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया तो मुझे लगता है कि मैं बहुत जल्द उनके अंतिम संस्कार के लिए वापस आऊंगा।'

राहुल गांधी ने बिहार दौरे की घटना को अपनी चिंताओं का आखिरी पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि पिता की सुरक्षा को लेकर उनका रुख बिल्कुल स्पष्ट था। राहुल के मुताबिक, 'पापा की सुरक्षा इसलिए हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या की जा सके।' इस दौरान उन्होंने पिता की सुरक्षा से जुड़ी अपनी पुरानी आशंकाओं और बिहार दौरे के अनुभव को साझा किया।

इस बीच राहुल गांधी ने कहा कि उनकी मां सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव' में 500 से अधिक पेज होने के बावजूद कई बातें छूट गई हैं। उन्होंने कहा कि उनका सातवां जन्मदिन भी योजना के अनुसार नहीं मनाया जा सका। राहुल ने कहा कि उनकी मां की जीवन-यात्रा में अपार प्रेम और बेहद दुखद घटनाएं रही हैं तथा उन्होंने इन सभी परिस्थितियों का सामना गरिमा और साहस के साथ किया है। सोनिया गांधी ने एक्स पर लिखा कि उन्होंने अपनी यादों के आधार पर 'बिलॉन्गिंग' लिखी। राहुल और प्रियंका ने भी अपनी यादें शेयर कीं और इन कहानियों को एक नया जीवन मिल गया। उन्होंने कहा कि उनके बच्चे उनकी सबसे बड़ी खुशी और ताकत हैं और वे दो ऐसे लोग हैं जो किसी और की तुलना में उनके धैर्य की सबसे अधिक परीक्षा लेते हैं।