कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए दोनों संगठनों को असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी बताया। उन्होंने कहा कि इन संगठनों को भारत की आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की समझ नहीं है। राहुल गांधी ने एक्स पर एलिफेंटा की गुफाओं में बनी अर्धनारीश्वर की मूर्ति की तस्वीर शेयर की, जिसमें भगवान शिव और माता पार्वती एक ही स्वरूप में दिखाई देते हैं। उन्होंने लिखा कि जितना वे भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को समझ रहे हैं, उतना ही यह साफ होता जा रहा है।
पिछले छह दिनों में राहुल गांधी का यह दूसरा पोस्ट है। इससे पहले 17 नवंबर को उन्होंने 12वीं सदी की शिव-पार्वती की मूर्ति की तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें माता पार्वती भगवान शिव की गोद में बैठी दिखाई दे रही थीं। तब राहुल ने कहा था कि डर, क्रोध और नफरत ने भाजपा और आरएसएस समर्थकों के दिलों में ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम को महसूस करने और व्यक्त करने से रोकता है।
राहुल गांधी की पोस्ट के जवाब में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि साधारण मनुष्यों को शिव और पार्वती के रूप में दिखाना भक्ति नहीं है। उन्होंने इसे ऐसा अहंकार बताया, जो इतना बढ़ गया है कि व्यक्ति खुद को ही दिव्य मानने लगता है। उनके अनुसार, किसी व्यक्ति का पतन तब तेजी से शुरू होता है, जब वह ईश्वर के सामने नतमस्तक होने के बजाय स्वयं को ईश्वर की तरह पेश करने लगता है।
इससे पहले 15 नवंबर को राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के लॉन्च कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने अपने माता-पिता सोनिया और राजीव गांधी के रिश्ते से जुड़ा एक किस्सा सुनाया था, जिस पर विवाद हुआ था। राहुल ने बताया था कि खाना खाते समय पापा होते थे और उनकी गोद में मम्मी बैठी होती थीं, और बचपन में उन्हें यह सामान्य लगता था।
