कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि भारतीय लोकतंत्र उनके लिए पवित्र है और वे चुनावों का बहिष्कार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर वे ऐसा करते हैं तो उसी पल भारतीय लोकतंत्र खत्म हो जाएगा, जो वे नहीं चाहते।

राहुल गांधी ने यह बात गुरुवार को अमेरिका के शिकागो विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ एक संवाद के दौरान कही। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह कहना भी मुश्किल है कि भारतीय लोकतंत्र में कोई समस्या है।

उन्होंने कहा कि उनकी रणनीति यह है कि वे चुनाव लड़ें और भारत के लोगों को बताएं कि देश में क्या चल रहा है। राहुल गांधी इन दिनों अमेरिका दौरे पर हैं। कोलंबिया विश्वविद्यालय के बाद वे शिकागो विश्वविद्यालय पहुंचे। कोलंबिया विश्वविद्यालय पहुंचने पर छात्रों ने उनके साथ सेल्फी भी ली।

इससे पहले राहुल गांधी ने अमेरिका में कहा था कि भारत आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। इसके पीछे बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी खामियां हैं। उन्होंने कहा था कि युवाओं में बढ़ती निराशा की मुख्य वजह यह है कि उन्हें अपना भविष्य नजर नहीं आता।