मध्य प्रदेश के रायसेन जिले की देवरी तहसील के पतई घाट पर नर्मदा घाटी में विशालकाय हाथी के जबड़े और दांतों का जीवाश्म मिला है। शुक्रवार को इसे सावधानी से मिट्टी से निकालकर भोपाल लाया गया, जहां पुरातत्व विभाग के संग्रहण कक्ष में सुरक्षित रखा गया है। विशेषज्ञों के शुरुआती आकलन में इसे विलुप्त मैमथ या स्टेगोडॉन प्रजाति का होने की संभावना जताई गई है, लेकिन वास्तविक प्रजाति और उम्र का पता विस्तृत वैज्ञानिक जांच के बाद ही चल सकेगा।
करीब 75 सेंटीमीटर लंबा और 25 सेंटीमीटर चौड़ा यह जीवाश्म पीली मिट्टी के ऊपर चट्टान में चिपका हुआ था और इसकी बनावट अंग्रेजी अक्षर 'वी' जैसी है। जीवाश्म मिलने के बाद गांव के कुछ बच्चों ने इसके कुछ दांत तोड़ दिए थे, फिर भी शेष हिस्से को सुरक्षित निकाल लिया गया। खुदाई का काम पुणे के डेक्कन कॉलेज पोस्ट ग्रेजुएट एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट के सेवानिवृत्त प्रोफेसर एवं जीवाश्म विज्ञानी विजय साठे के नेतृत्व में किया गया। लखनऊ स्थित बीरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अंजलि त्रिवेदी भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं।
डॉ. त्रिवेदी के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, यह जीवाश्म क्वाटरनरी कालखंड का हो सकता है। उस दौर के हाथी आज के हाथियों से काफी बड़े होते थे, जिनकी ऊंचाई करीब 12 फीट और वजन कई टन होता था। जीवाश्म के साथ मिट्टी के नमूने भी एकत्र किए गए हैं, जिनके वैज्ञानिक और रासायनिक परीक्षण से काल गणना, भूगर्भीय स्थिति और प्राचीन पर्यावरण की जानकारी जुटाई जाएगी। प्रारंभिक जांच के बाद तय होगा कि विस्तृत अध्ययन लखनऊ में होगा या पुणे में। विशेषज्ञों का अनुमान है कि जीवाश्म आसपास के किसी क्षेत्र से बहकर पतई घाट तक पहुंचा होगा।
पुरातत्व संचालनालय एवं अभिलेखागार के आयुक्त अभय बेडेकर ने बताया कि विभाग विशेषज्ञ संस्थानों के सहयोग से इस जीवाश्म पर आगे शोध कराएगा, जिसमें इसकी आयु, प्रजाति और तत्कालीन पर्यावरण से जुड़े पहलुओं का अध्ययन होगा। डॉ. त्रिवेदी के मुताबिक, नर्मदा घाटी जीवाश्मों की दृष्टि से समृद्ध क्षेत्र है, जहां पहले भी डायनासोर और होमिनिन्स के जीवाश्म मिल चुके हैं। व्यवस्थित सर्वेक्षण और शोध से भविष्य में भी अहम खोजें हो सकती हैं, जिनसे लाखों साल पहले के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण की परिस्थितियों को समझने में मदद मिलेगी।
