मुंबई। लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 800 से अधिक करने वाले परिसीमन बिल का समर्थन करने के शरद पवार के ऐलान पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने हमला बोला है। राज ठाकरे ने एक्स पर पोस्ट करके कहा कि उन्होंने एक बार कहा था कि यह पवार का 'जंतर-मंतर' है, जिसे बहुत कम लोग ही समझ पाते हैं। उन्होंने कहा कि यह बात उन्होंने 2 जुलाई 2023 को कही थी, जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) का एक गुट अलग होकर भाजपा की तरफ चला गया था।

राज ठाकरे ने अपनी भविष्यवाणी की याद दिलाते हुए लिखा कि अगले तीन सालों तक एनसीपी के दोनों गुटों ने आपस में लड़ने का ऐसा नाटक किया कि सब सच मान बैठे। उन्होंने कहा कि अब ठीक उनकी भविष्यवाणी के मुताबिक दूसरा गुट भी आगे बढ़ रहा है और सत्ता की सीढ़ियां चढ़ने की कोशिश कर रहा है।

इस बीच चर्चा है कि भाजपा के लिए अहम परिसीमन बिल पर शरद पवार की एनसीपी ने अपना रुख बदला है, जिसके बाद पार्टी को इसका इनाम मिल सकता है। केंद्र में सुप्रिया सुले को बड़ा मंत्रालय मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही महाराष्ट्र में जयंत पाटिल और जितेंद्र आव्हाड के मंत्री बनने की चर्चा है।

चर्चा यह भी है कि हालात ठीक रहे तो एनसीपी के दोनों गुटों का विलय भी संभव है। कहा जा रहा है कि शरद गुट के नेता जयंत पाटिल को महाराष्ट्र में वित्त विभाग मिल सकता है, जिसे अजित पवार के बाद देवेंद्र फडणवीस संभाल रहे हैं।