राजाजी टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी और प्रवेश शुल्क की दरों में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव पारित हुआ है। यह प्रस्ताव गुरुवार को वन मुख्यालय में वन मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में हुई राजाजी टाइगर रिजर्व फाउंडेशन की बैठक में पारित किया गया। प्रस्ताव को अंतिम निर्णय के लिए शासन को भेजा जाएगा और शासन की मंजूरी के बाद ही शुल्क की नई दरें तय होंगी।

बैठक में रिजर्व में सेवारत छह महावतों को प्रतिमाह पांच-पांच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया। यह राशि फाउंडेशन की निधि से दी जाएगी। महावतों को अभी 12 से 13 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलता है, जिससे उन्हें इस राशि से राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही आउटसोर्सिंग एजेंसियों के माध्यम से नियोजित श्रमिकों का बीमा कराने का निर्णय लिया गया, जिसका प्रीमियम फाउंडेशन वहन करेगा।

बैठक में टाइगर मानीटरिंग प्रकोष्ठ के लिए जीआइएस विशेषज्ञों और जूनियर रिसर्च फेलो की सेवाएं लेने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। चालू वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना के अलावा वन चौकियों के रखरखाव, पेयजल व्यवस्था में सुधार, वाहनों की खरीद, वाटरहोल के सुधार व विकास तथा मृदा एवं जल संरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर भी मुहर लगाई गई।

वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि इन निर्णयों से रिजर्व में वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्रीय कार्मिकों के कल्याण और आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। बैठक में राजाजी टाइगर रिजर्व के निदेशक कोको रोसे समेत फाउंडेशन के सदस्य मौजूद रहे।