राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (आरएसएसबी) की ओर से राजस्थान पात्रता परीक्षा (12वीं लेवल) 2026 का एडमिट कार्ड जारी कर दिया गया है। अभ्यर्थी आधिकारिक साइट recruitment.rajasthan.gov.in पर लॉग इन डिटेल दर्ज करके अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। किसी भी उम्मीदवार को डाक के माध्यम से प्रवेश पत्र नहीं भेजा जाएगा।

आरएसएसबी की ओर से यह परीक्षा 1, 2 और 3 दिसंबर 2026 को निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। प्रत्येक दिन परीक्षा दो शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट अपराह्न 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी।

इस परीक्षा में 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिन्हें हल करने के लिए ढाई घंटे का समय दिया जाएगा। प्रत्येक सही उत्तर पर 2 अंक मिलेंगे, जबकि प्रत्येक गलत उत्तर पर 1/3 अंक की माइनस मार्किंग की जाएगी। ऐसे में जिन प्रश्नों के उत्तर न मालूम हों, उन पर तुक्का लगाने से बचें।