जयपुर: राजस्थान पंचायती राज चुनाव 2026 की मतगणना में कई बड़े सियासी उलटफेर देखने को मिले हैं। 37 जिलों के परिणामों में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्ष के कई कद्दावर नेताओं के करीबी रिश्तेदार अपनी सीट बचाने में नाकाम रहे हैं। मतदाताओं ने दिग्गज नेताओं के परिवारों को नकारते हुए बड़ा झटका दिया है।

भजनलाल सरकार में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के गढ़ सीकर में उनके परिवार के चार सदस्यों को हार का सामना करना पड़ा है। अजीतगढ़ पंचायत समिति के वार्ड 17 से भाजपा प्रत्याशी के रूप में उतरीं उनकी पत्नी शांति देवी कांग्रेस की सरिता जाट से कड़े मुकाबले में महज 51 वोटों से चुनाव हार गईं। इसके अलावा उनके बेटे अजय सिंह (भाजपा टिकट) और निर्दलीय मैदान में उतरे दूसरे बेटे दुर्गा सिंह खर्रा भी चुनाव हार गए, जबकि जिला परिषद वार्ड 23 से निर्दलीय लड़ीं उनके छोटे भाई की पत्नी प्रतिमा खर्रा को भी पराजय झेलनी पड़ी।

कांग्रेस की युवा सांसद संजना जाटव भी अपने परिवार के सदस्य को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सकीं। अलवर जिले की कठूमर पंचायत समिति से चुनाव मैदान में उतरे संजना जाटव के जेठ श्रीनिवास जाटव को मतदाताओं ने नकार दिया और उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा। अलवर की कठूमर विधानसभा से भाजपा विधायक रमेश खींची के परिवार को भी पंचायत चुनाव में दोहरा झटका लगा है। चुनावी मैदान में उतरीं विधायक रमेश खींची की दोनों पुत्रवधुओं— दीपिका खींची और बिंदू— को हार का सामना करना पड़ा है।

अजमेर की सियासत में बड़ा उलटफेर करते हुए दिग्गज नेता भंवर सिंह पलाड़ा की पत्नी सुशील कंवर पलाड़ा चुनाव हार गई हैं। पूर्व विधायक और दो बार की जिला प्रमुख रहीं सुशील कंवर पलाड़ा ने अक्टूबर 2026 में भाजपा में वापसी कर अजमेर जिला परिषद के वार्ड नंबर 2 से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें पराजय झेलनी पड़ी। नागौर जिले के डेगाना से भाजपा विधायक अजय सिंह किलक के परिवार को भी इस चुनाव में बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। डेगाना पंचायत समिति के वार्ड नंबर 13 से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं अजय सिंह किलक की भाभी मनदीप चौधरी को मतदाताओं ने नकार दिया और उन्हें 1,539 वोटों के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा।

जयपुर जिला परिषद की निवर्तमान जिला प्रमुख रमा चोपड़ा को भी चुनावी मैदान में करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है। भाजपा की ओर से जिला प्रमुख पद की प्रमुख दावेदार मानी जा रहीं रमा चोपड़ा को कांग्रेस प्रत्याशी सुनील कुमावत ने पराजित कर दिया, जिससे जयपुर की ग्रामीण राजनीति में भाजपा को बड़ा झटका लगा है।