जयपुर: राजस्थान पंचायती राज चुनाव 2026 के तहत 37 जिलों की जिला परिषद और पंचायत समिति सीटों की 20 नवंबर को हुई मतगणना में कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को झटका दिया है। कांग्रेस ने 27 जिला परिषदों पर कब्जा जमाया है, जबकि भाजपा छह और तीन पर निर्दलीयों को बढ़त मिली है। पंचायत समितियों में कांग्रेस ने 269 और भाजपा ने 73 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि 60 में अन्य जीते हैं और 17 में किसी दल को बहुमत नहीं मिला है।

आंकड़ों के मुताबिक, जिला परिषद और पंचायत समिति की कुल 456 सीटों में भाजपा 100 का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी। कांग्रेस ने 27 जिला परिषदों और 269 पंचायत समितियों में जीत हासिल की है, जबकि भाजपा छह जिला परिषदों और 73 पंचायत समितियों पर सिमट गई। इसके अलावा तीन जिला परिषदों और 60 पंचायत समितियों में अन्य और निर्दलीयों को बढ़त मिली है, जबकि 17 पंचायत समितियों में किसी दल को बहुमत नहीं मिला।

इन नतीजों पर कांग्रेस ने जीत का दावा करते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि राजस्थान में भाजपा का पूरी तरह सूपड़ा साफ हो गया है और पंचायत चुनाव हो या नगर निकाय चुनाव, भाजपा की प्रचंड हार हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने नगर निकाय चुनावों में बेईमान परिसीमन, पुलिस-प्रशासन और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के सहारे जीत का झूठा नैरेटिव गढ़ा था, जिसका जनता ने करारा जवाब दिया है।

डोटासरा ने कहा कि जनता ने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की बदहाली, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और भ्रष्टाचार के बोझ के बीच भाजपा की भजनलाल सरकार के कामकाज पर अपना फैसला सुनाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से जनादेश का सम्मान करते हुए नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करने और इस्तीफा देने की मांग की है।