जयपुर: विधिक माप विज्ञान विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों में स्थित 10 पेट्रोल पंपों पर औचक जांच में ईंधन की घटतौली का मामला उजागर होने पर कुल 17 नोजल सील कर दिए हैं। जांच में पाया गया कि ये पंप संचालक 5 लीटर पेट्रोल या डीजल के पैसे लेकर 4.970 लीटर ईंधन ही दे रहे थे। विभाग के अनुसार, 5 लीटर पर 30 एमएल कम ईंधन देने के इस खेल में पंप संचालक हर 165 लीटर की बिक्री पर 1 लीटर ईंधन की चोरी कर रहे थे। विभागीय आकलन के मुताबिक, चिह्नित नोजल से प्रतिदिन औसतन 1500 लीटर फ्यूल की बिक्री हो रही थी, जिससे एक ही नोजल से रोजाना करीब 10 लीटर तक ईंधन की हेराफेरी हो रही थी।
नियंत्रक विधिक माप विज्ञान पूनम प्रसाद सागर ने बताया कि विभाग को लगातार कम ईंधन मिलने की शिकायतें मिल रही थीं। जांच के दौरान जयपुर जिले के दूदू के पास स्थित 'श्री कृष्ण पंप' बिना किसी वैध सत्यापन के संचालित पाया गया।
विभाग की टीमों ने जयपुर, अजमेर, जोधपुर, दौसा, पाली और उदयपुर जिलों में एक साथ दबिश दी। जोधपुर में गणेशीलाल एंड संस और सूर्यनगरी पेट्रोलियम से क्रमशः 2 और 3 नोजल जब्त किए गए। अजमेर में दोराई बीपी पंप पर 1, सुरसाना बीएलएम पेट्रोलियम पर 2 और भंवर पेट्रोलियम पर 1 नोजल सील किया गया। जयपुर के चाकसू स्थित चौधरी सर्विस स्टेशन और गोपाल पेट्रोलियम के 2-2 नोजल जब्त किए गए।
उदयपुर में एमएस आशा फिलिंग स्टेशन और प्रदीप ऑटोमोबाइल के 1-1 नोजल, दौसा के गढ़ स्थित सूर्या फिलिंग स्टेशन और पाली के भाटी एचपी पंप पर 1-1 नोजल जब्त किया गया। विभाग ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
