कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अली या बजरंगबली में से किसी एक को मानना चाहिए, दोनों को एक साथ मानने की बात नहीं हो सकती। राजभर शुक्रवार को घोसी ब्लाक के इटौरा डोरी गांव में प्रधान अनुपमा राजभर द्वारा निर्मित मनरेगा अन्नपूर्णा खाद्य एवं राशन मॉडल शॉप का उद्घाटन करने पहुंचे थे।
इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सरकार में शामिल होने के बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को होमगार्ड जैसी वर्दी से मुक्ति दिलाकर बेहतर सूट-बूट उपलब्ध कराने की पहल की। साथ ही गरीब, शोषित व वंचित वर्गों के हित में जातिगत जनगणना के मुद्दे पर प्रधानमंत्री व गृहमंत्री से मुलाकात की।
घोसी लोकसभा चुनाव में मिली हार पर भी राजभर ने अपनी पीड़ा जाहिर की। उन्होंने कहा कि यदि घोसी से सुभासपा प्रत्याशी चुनाव जीतता तो क्षेत्र में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाएं लाने व विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया जाता। पंचायत चुनाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव की स्थिति उच्च न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
कार्यक्रम में सुभासपा के एमएलसी बिच्छेलाल राजभर ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर ने गरीब परिवारों के बेटों को विधानसभा तक पहुंचाने का काम किया है। वह हमेशा शोषित व वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहे हैं। इस मौके पर राष्ट्रीय प्रवक्ता जितेंद्र भारती, फागू सिंह गोविंद राजभर आदि मौजूद थे।
