नालंदा के राजगीर में तीन दिवसीय राजगीर महोत्सव 2026 की शुरुआत गीत-संगीत और लोकसंस्कृति के साथ हुई। पहली सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड गायक मोहम्मद इरफान खान ने अपनी प्रस्तुति दी। उन्होंने 'बारिश', 'यारियां', 'दर्द दिलों के कम हो जाते', 'तू ही तू हर जगह' और 'केसरिया तेरा इश्क है पिया' जैसे लोकप्रिय गीतों से समां बांध दिया। उनकी आवाज पर पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा और दर्शक देर रात तक झूमते रहे।
इससे पहले पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से आए कलाकारों ने पारंपरिक छऊ नृत्य की प्रस्तुति दी। रंग-बिरंगे परिधानों और आकर्षक मुखौटों के साथ कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। छऊ नृत्य कलाकार क्रांति रजक ने बताया कि यह बंगाल की करीब ढाई सौ साल पुरानी लोककला है। उन्होंने चिंता जताई कि यह पारंपरिक कला विलुप्त होने के कगार पर है। राजगीर महोत्सव में छऊ नृत्य को मंच देने के लिए उन्होंने राज्य सरकार का आभार जताया। कथक नृत्य ने भी दर्शकों का मन मोह लिया और डांसरों की प्रस्तुति को खूब वाहवाही मिली।
महोत्सव परिसर में आयोजित व्यंजन मेले में बिहार का प्रसिद्ध लिट्टी-चोखा लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। बिहार के पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल पर भी लोगों की भीड़ जुटी। महोत्सव में कृषि उत्पादों और पुस्तकों के स्टॉल भी लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से स्थानीय उत्पादों, साहित्य और बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा दिया जा रहा है।
