रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षा समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कौशल विकास सिर्फ रोजगार का जरिया नहीं है, बल्कि यह देश की सुरक्षा को भी मजबूत करता है। रक्षा क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहे स्वदेशीकरण के लिए आधुनिक तकनीक की जानकारी रखने वाले कुशल युवाओं की जरूरत है। सैन्य तकनीक में भी कौशल की बड़ी भूमिका होगी।
उन्होंने कहा कि पहली बार दिल्ली से बाहर राष्ट्रीय कौशल दीक्षा समारोह का आयोजन लखनऊ में होना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। ज्ञान व्यक्ति को सही समझ देता है और कौशल उसे काम करने की क्षमता देता है। दोनों के मेल से व्यक्ति आत्मनिर्भर बनता है। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में देश में कौशल विकास के लिए मजबूत व्यवस्था तैयार हुई है। जून 2026 तक प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत 1.64 करोड़ से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। वर्ष 2014 में देश में करीब 9,800 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 14 हजार से अधिक हो गई है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि तकनीक और उद्योगों में तेजी से बदलाव हो रहा है, इसलिए केवल एक बार प्रशिक्षण लेना पर्याप्त नहीं है। समय के साथ हुनर को और बेहतर बनाना होगा। नए कौशल सीखने के साथ पुराने कौशल को भी निखारना होगा। उन्होंने कहा कि कुशल युवा न केवल अपने लिए रोजगार हासिल करता है, बल्कि दूसरों को रोजगार देने में भी सक्षम बनता है।
