रामानंद सागर की लोकप्रिय रामायण में मेघनाथ का किरदार निभाने वाले दिवंगत अभिनेता विजय अरोड़ा के बेटे फरहाद अरोड़ा ने अब इस शो के पर्दे के पीछे की कहानी दिखाने की जिम्मेदारी उठाई है। उन्होंने इसके लिए सागर फिल्म्स के साथ हाथ मिलाया है। यह जानकारी सागर वर्ल्ड के इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किए गए एक वीडियो के जरिए सामने आई है।

इस वीडियो में फरहाद अरोड़ा रामायण शो से जुड़ी अपनी पुरानी यादों को ताजा करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने एलान किया कि वह सागर वर्ल्ड के माध्यम से रामायण टीवी शो की मेकिंग पर एक स्पेशल डॉक्युमेंट्री सीरीज लेकर आ रहे हैं। यह सीरीज अगले महीने दिसंबर के अंत तक रिलीज हो सकती है।

इस डॉक्युमेंट्री सीरीज में धारावाहिक की धरोहर को दर्शाया जाएगा। इसमें इस बात की पूरी जानकारी दी जाएगी कि दूरदर्शन का यह कल्ट क्लासिक शो किस तरह बनकर तैयार हुआ। इस अनाउंसमेंट के बाद फैंस काफी उत्साहित हैं और शो के बिहाइंड द सीन्स से जुड़ी इस सीरीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

रामानंद सागर की रामायण को दूरदर्शन पर प्रसारित हुए करीब चार दशक का समय बीत चुका है, लेकिन आज भी इसे छोटे पर्दे के सबसे लोकप्रिय और यादगार माइथोलॉजिकल शो के तौर पर जाना जाता है। इन 39 सालों में दर्शकों की मांग पर इसे दूरदर्शन पर कई बार री-टेलीकास्ट किया जा चुका है। कोविड-19 के दौर में भी रामायण दूरदर्शन पर प्रसारित की गई थी।