बागेश्वर धाम के पीठाधीश धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीकृष्ण पर दिए गए बयान के बाद उठे विवाद में अब योगगुरु बाबा रामदेव भी कूद गए हैं। एक कार्यक्रम के दौरान रामदेव ने बाबा बागेश्वर को पाखंडी और धूर्त बताया और उनका मजाक भी बनाया। रामदेव ने कहा कि इन कथावाचकों ने न तो वेद पढ़े हैं और न महाभारत। उन्होंने आरोप लगाया कि ये कहते हैं कि राम महान हैं और कृष्ण टेढ़े-मेढ़े हैं।
रामदेव ने कहा, 'कुछ लोग न वेद पढ़े हैं और न दर्शन उपनिषद। न रामायण पढ़ी, न महाभारत। न संविधान जानते हैं, न लोकतंत्र। बस खड़े होकर कुछ न कुछ बकवास करते रहते हैं। वे कहते हैं कि हम सनातन बचाएंगे, हिंदू धर्म बचाएंगे। पाखंडी कहीं के, धूर्त।'
रामदेव ने आगे कहा कि देवी-देवताओं की हंसी उड़ाना गलत है। उन्होंने कहा कि सनातन का छोटा सा पक्ष लेकर भीड़ को उत्तेजित करने वाले ढोंगी कथाकार धर्म के नाम पर भूत-प्रेत बाधा के नाम पर लोगों को ठगते हैं। रामदेव ने कहा कि जो देवी-देवताओं में तुलना करे और कहे कि राम महान हैं और कृष्ण टेढ़े हैं, वह गलत है। उन्होंने कहा कि पहले माफी मांगी और बांके बिहारी में मत्था टेक कर फिर कहा कि कृष्ण टेढ़े ही हैं। रामदेव ने कहा कि हर चीज की एक मर्यादा और प्रोटोकॉल है, हंसी-मजाक में भी अवतारी शक्तियों का अपमान नहीं किया जा सकता।
रामदेव ने कहा कि पहले वे समझाते हैं और न समझे तो मंच से बोलना पड़ता है, इसलिए उन्होंने मंच से ठोका है। उन्होंने कहा कि लोगों को पता लगना चाहिए कि सनातन के नाम पर ढोंग, आडंबर और पाखंड नहीं किया जा सकता।
