रांची विश्वविद्यालय में अब स्नातक और स्नातकोत्तर नामांकन के लिए अपार आईडी अनिवार्य कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि नामांकन के समय अपार आईडी जमा नहीं करने से छात्रों को रजिस्ट्रेशन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए नए सत्र के नामांकन से पहले यह नियम लागू किया जाएगा। छात्र मामले के निदेशालय की ओर से जल्द ही इस संबंध में सूचना जारी की जाएगी कि बिना अपार आईडी के नामांकन की प्रक्रिया पूरी नहीं होगी।

निदेशालय की निदेशक डॉ. स्मृति सिंह ने बताया कि नामांकन के समय अपार आईडी नहीं लेने से रजिस्ट्रेशन में परेशानी आ रही है। इसके लिए जल्द ही एक नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा, जिसमें नामांकन के समय ही अपार आईडी देना जरूरी होगा। इससे नामांकन के कुछ ही दिन बाद रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी की जा सकेगी।

अपार आईडी (ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री) भारत सरकार की ओर से हर स्टूडेंट के लिए बनाया गया 12 अंकों का परमानेंट नंबर है। इसे स्टूडेंट का आधार जैसा एजुकेशन आईडी समझा जा सकता है। यह वन नेशनल वन स्टूडेंट आईडी योजना के तहत बनता है और एबीसी या डिजी लॉकर से जुड़ा होता है। एक बार बनने के बाद यही आईडी क्लास 1 से लेकर पीएचडी तक चलेगी और स्कूल या कॉलेज बदलने पर भी नहीं बदलेगी। डिजी लॉकर में जाकर अपार आईडी का विकल्प चुनकर इसे बनाया जा सकता है। यह एक स्टूडेंट का एक ही बार बनता है और इसमें नाम व जन्म तिथि आधार जैसी ही होती है। आधार में गलती होने पर पहले उसे सुधरवाने की सलाह दी गई है, ताकि अपार आईडी में भी वही गलती न आए।

रांची विश्वविद्यालय में पीजी के सत्र 2025-27 के विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। जब उनसे अपार आईडी मांगी गई तो कई विद्यार्थी इससे अंजान थे। इसके बाद विभागों को निर्देश दिया गया कि रजिस्ट्रेशन के लिए सभी विद्यार्थियों से उनके अपार आईडी का नंबर लिया जाए और उसके बाद ही रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।