केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने गुरुवार को फसल वर्ष 2025-26 के अंतिम अनुमान जारी किए। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्रकारों को बताया कि इस साल देश में रिकॉर्ड 3785.38 लाख टन खाद्यान्न का उत्पादन हुआ है। पिछले साल के मुकाबले इसमें 208.06 लाख टन की वृद्धि दर्ज की गई है। साथ ही उन्होंने वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन के प्रथम अग्रिम अनुमान भी जारी किए।

मंत्री के अनुसार बीते खरीफ मौसम में देश में चावल का कुल उत्पादन 1551.54 लाख टन रहा, जो अब तक का रिकॉर्ड है। चावल उत्पादन में 49.70 लाख टन की बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह गेहूं का भी रिकॉर्ड 1220.64 लाख टन उत्पादन हुआ है, जिसमें 41.19 लाख टन की वृद्धि दर्ज की गई है।

चौहान ने बताया कि अल नीनो और मानसून की देरी जैसी मौसमी चुनौतियों के बावजूद खरीफ 2026-27 में 1671.43 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न पैदावार का अनुमान है, जो पिछले पांच वर्षों के औसत से 97.67 लाख टन अधिक है। उन्होंने कहा कि भारत घरेलू जरूरतें पूरी करने के साथ वैश्विक अन्न भंडार में भी योगदान दे रहा है। चावल, दलहन, जूट, मोटे अनाज और मसालों के उत्पादन में भारत दुनिया में पहले स्थान पर है, जबकि गेहूं, कपास, मूंगफली व फल-सब्जियों में चीन के बाद तथा गन्ना उत्पादन में ब्राजील के बाद दूसरे स्थान पर है। उन्होंने बताया कि चावल और गेहूं के पर्याप्त भंडार हैं और चावल के निर्यात में 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि चावल और गेहूं में सरप्लस हासिल करने के बाद सरकार का ध्यान फसल विविधीकरण तथा दलहन और तिलहन में आत्मनिर्भरता पर है। बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए 'दलहन मिशन' और 'तिलहन मिशन' के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम अंतिम आंकड़ों में दिखाई दे रहे हैं।