रेवाड़ी में सर्दी धीरे-धीरे बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी सुबह है। इस दिन अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार को अधिकतम 27.6 और न्यूनतम नौ डिग्री सेल्सियस था, जबकि मंगलवार को अधिकतम 27.5 और न्यूनतम साढ़े नौ डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। इससे पहले 16 नवंबर को अधिकतम 28 और न्यूनतम 13.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ था। पिछले तीन दिनों से न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है, जिससे शुष्क सर्दी का असर बढ़ता जा रहा है। सुबह-शाम हल्की ठिठुरन के साथ लोग गर्म कपड़े पहनने लगे हैं और स्कूलों में भी सर्दी का समय शुरू हो गया है। छोटे बच्चों पर सर्दी का असर विशेष रूप से दिख रहा है।
सर्दी बढ़ने के साथ आगामी दिनों में कोहरा बढ़ने की संभावना को देखते हुए रेवाड़ी पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के अनुसार कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से सामने से आने वाले वाहन, मोड़ और सड़क पर मौजूद अन्य अवरोध समय रहते नहीं दिखाई देते। ऐसे में तेज रफ्तार और असावधानी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा ने वाहन की रफ्तार नियंत्रित रखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से कोहरे के दौरान सड़क पर अतिरिक्त सावधानी बरतकर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से राष्ट्रीय राजमार्गों, मुख्य सड़कों और ग्रामीण संपर्क मार्गों पर वाहन चलाने वालों से सतर्क रहने को कहा है।
