रेवाड़ी जिले में बिजली वितरण निगम ने बृहस्पतिवार को बिजली चोरी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया। निगम की 31 टीमें सुबह पांच बजे ही फील्ड में उतर गईं और उन्होंने जिले के विभिन्न इलाकों में 350 से अधिक कनेक्शनों की जांच की। जांच के दौरान 80 से अधिक स्थानों पर बिजली चोरी पाई गई। निगम ने बिजली चोरी के 85 मामलों में संबंधित उपभोक्ताओं पर करीब 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। अधिकारियों के अनुसार अभियान की योजना गुप्त रखी गई थी, ताकि चोरी करने वाले पहले से सतर्क न हो सकें।

टीमों ने घरों, दुकानों, फैक्ट्रियों और खेतों में लगे कनेक्शनों की जांच की। जांच में अलग-अलग तरीकों से बिजली चोरी के मामले सामने आए। कहीं मीटर के साथ छेड़छाड़ की गई थी, तो कहीं सीधे लाइन से तार डालकर बिजली चोरी की जा रही थी। कहीं मीटर को बाईपास किया गया था, तो कहीं मीटर की सील टूटी मिली। कई जगहों पर स्वीकृत लोड से अधिक लोड चलाया जा रहा था। इस दौरान 135 किलोवाट बिजली चोरी पकड़ी गई है। सुबह-सुबह टीमों के पहुंचने से बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने टीमों को देखते ही अवैध तार हटा दिए, लेकिन तब तक टीमों ने सबूत जुटा लिए थे। अभियान में दूसरे जिलों से एसडीओ, जेई, लाइनमैन और पुलिस कर्मी भी शामिल रहे।

निगम की तरफ से यह विशेष अभियान लगभग चार वर्ष बाद चलाया गया है। अधिकारियों के अनुसार पहले छोटे स्तर पर जांच होती थी, लेकिन बड़े अभियान की कमी के चलते चोरी के मामले बढ़ गए थे और कई इलाकों में लाइन लॉस भी बढ़ गया था। इसी को देखते हुए मुख्यालय के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। बिजली चोरी पकड़ने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और समय-समय पर औचक जांच की जाएगी।

अधीक्षण अभियंता विजयपाल यादव ने बताया कि लोगों से अपील की गई है कि वे अवैध रूप से बिजली का उपयोग न करें। यदि किसी को लोड बढ़ाना है तो नियमानुसार आवेदन कर लोड बढ़वाएं। बिजली चोरी पकड़े जाने पर भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई हो सकती है।