रेवाड़ी शहर में सीवर और पेयजल लाइनों से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। जनस्वास्थ्य विभाग के नए सीवर-पेयजल लाइन प्रोजेक्ट को मुख्यालय से मंजूरी मिल गई है। तकनीकी जांच के बाद फाइल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पास भेज दी गई है और अगले माह टेंडर जारी होने की उम्मीद है।
परियोजना के तहत करीब 30 वर्ष पुरानी सीवर और पेयजल लाइनों को बदला जाएगा। शहर के सभी 32 वार्डों का सर्वे कर डिटेल एस्टिमेट तैयार किया गया था और भविष्य की आबादी को ध्यान में रखते हुए लाइनों की क्षमता तय की गई है। करीब 175 करोड़ रुपये की लागत से पूरे सिस्टम को बदलने का प्रोजेक्ट मुख्यालय भेजा गया था। इसे मंजूरी दिलाने में रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव का भी अहम रोल बताया जा रहा है।
विभाग के अनुसार शहर की आबादी तेजी से बढ़ रही है, लेकिन उसके अनुरूप पेयजल और सीवर लाइन नहीं बदली गई। अधिकांश इलाकों में 30 वर्ष से अधिक पुरानी लाइनें हैं, कई जगह 40 वर्ष पुरानी लाइनें चल रही हैं। पुरानी छोटी लाइनों की जगह अब बड़ी साइज की नई पाइपलाइन डाली जाएगी।
अधिक दबाव के कारण शहर में सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी रहती है और सड़कों पर दूषित पानी बहता है। वर्षा के मौसम में निचले इलाकों में जलभराव की हालत और बिगड़ जाती है। सेक्टर एक, कंपनी बाग कालोनी, कुतुबपुर, लक्ष्मी नगर, आदर्श नगर और नई बस्ती आदि इलाकों में लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के कारण कई वार्डों में दूषित पानी की सप्लाई होती है तो कई जगह पानी पहुंचता ही नहीं। सीवर और पानी की लाइनें साथ-साथ होने से लीकेज के कारण पानी दूषित होने की शिकायतें भी आम हैं।
जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता विनयप्रकाश चौहान के अनुसार प्रोजेक्ट को तकनीकी अप्रुवल मिल गई है और फाइल सीएम के पास भेज दी गई है। यहां से मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। परियोजना पूरी होने से शहर को सीवर ओवरफ्लो, जलभराव और दूषित पेयजल की समस्या से स्थायी निजात मिलने की उम्मीद है।
