सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित निगरानी समिति की अनुपालन रिपोर्ट में सामने आया है कि देशभर की 518 नदियों और उनसे जुड़ी जलधाराओं के किनारे कचरा फेंकने के 31,250 हॉटस्पॉट चिह्नित किए गए हैं। भोपाल नगर निगम बनाम डॉ. सुभाष सी. पांडे मामले में दायर इस रिपोर्ट के अनुसार, कचरे को नदियों और जल निकायों में पहुंचने से रोकने के लिए 4,542 सिस्टम लगाए गए हैं। रिपोर्टिंग अवधि में 21,324.69 टन ठोस कचरा हटाया गया, जबकि दिल्ली में नालों से 1,95,571 टन सिल्ट निकाली गई। अवैध रूप से कचरा डालने पर 856 नोटिस जारी किए गए और 942 कार्रवाई दर्ज की गईं।

रिपोर्ट के मुताबिक, सिक्किम की चार नदियों और ओडिशा की 25 नदियों व दो नालों में ठोस अपशिष्ट प्रदूषण का कोई संवेदनशील स्थल नहीं मिला। वहीं, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के आंकड़े अधूरे हैं। उत्तर प्रदेश ने कोई आंकड़ा नहीं दिया। मध्य प्रदेश ने 26 नदियों का उल्लेख किया, लेकिन कचरा फेंकने के संवेदनशील स्थलों की संख्या नहीं बताई। दिल्ली ने भी नदियों, नालों और कचरा डंपिंग स्थलों का पूरा ब्योरा नहीं दिया।

मध्य प्रदेश में नदियों और नालों में कचरा पहुंचने से रोकने के लिए कोई सिस्टम नहीं लगाया गया। अवैध कचरा डालने को लेकर यहां सिर्फ एक नोटिस और एक कार्रवाई दर्ज है। रिपोर्ट यह भी दर्शाती है कि नदी किनारे बिखरा कचरा जलस्रोतों को प्रदूषित कर रहा है, जिससे देशभर में जल गुणवत्ता पर दबाव बढ़ रहा है।