पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में एक बार फिर टूट की आशंका के बीच पार्टी के भीतर परिसीमन को लेकर मतभेद सामने आया है। RJD सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने देश की बढ़ती आबादी का हवाला देते हुए संसदीय क्षेत्रों के परिसीमन को जरूरी कवायद बताया है, जबकि पार्टी के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया का विरोध किया है।

गया में पत्रकारों से बातचीत में सुरेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि बढ़ती आबादी और विकास के बढ़ते दबाव को देखते हुए परिसीमन अभी होना चाहिए। उनका मानना है कि लोकसभा की सीटें बढ़ने से जनता और जनप्रतिनिधियों दोनों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि देश-दुनिया में आबादी बढ़ी है, जिससे सरकार पर विकास और क्षेत्रफल के हिसाब से दबाव बढ़ा है। जनसंख्या के साथ संसाधनों और विकास कार्यों का बोझ भी बढ़ रहा है, इसलिए आबादी के अनुपात में परिसीमन जरूरी है।

सुरेंद्र प्रसाद यादव ने चेताया कि अगर परिसीमन की तैयारी अभी से नहीं होगी तो आगे परेशानी हो सकती है। उनके मुताबिक, परिसीमन से जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र में काम करने का अधिक अवसर मिलेगा और जनता को विकास का ज्यादा लाभ मिल सकेगा।

दूसरी ओर, RJD के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया का विरोध किया है। उन्होंने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार पर तीखा सवाल उठाया है। मनोज झा के अनुसार, यह कवायद केवल सीटों की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में राजनीतिक मकसद से फेरबदल किए जाने की आशंका है। उन्होंने इस संबंध में असम का उल्लेख किया है।