रोहतक जिले के खरावड़ स्थित मिलन होटल में बदमाशों ने चार युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान रिंकू, विनीत, गंजू और हिमांशु के रूप में हुई है। तीन युवक झज्जर जिले के गांव डिघल और एक बेरी का रहने वाला बताया जा रहा है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चारों युवक सन्नी गैंग से जुड़े थे और वारदात को भाऊ गैंग से जुड़े बदमाशों द्वारा अंजाम दिए जाने की आशंका है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार रात करीब साढ़े 12 बजे पांच हथियारबंद बदमाश स्विफ्ट कार में सवार होकर मौके पर पहुंचे और खाना खा रहे युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोलियों की आवाज से ढाबे पर भगदड़ मच गई। तीन युवकों की खाने की टेबल पर ही मौत हो गई, जबकि जान बचाकर भागे चौथे युवक को बदमाशों ने पीछा करके गोलियों से भून डाला। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए कई मिनट तक मौके पर घूमते रहे और फिर फरार हो गए।

वारदात की सूचना मिलते ही रोहतक पुलिस रेंज के आईजी हामिद अख्तर भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें बनाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं आशंका जताई जा रही है कि डिघल गांव में पिछले दिनों हुए एक युवक के मर्डर के चलते यह घटना हुई है।