हरियाणा के रोहतक में मिलन ढाबे पर खूनी गैंगवार हुई है। स्विफ्ट कार में सवार पांच हथियारबंद बदमाशों ने खाना खा रहे युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, जिसमें चार युवकों की मौत हो गई। यह वारदात खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर हुई। मृतकों की पहचान रिंकू पुत्र जगबीर वासी डिघल, विनित पुत्र जयबीर डिघल, गन्जू वासी डिघल और हिमांशु पुत्र राजबीर वासी बेरी के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, तीन युवकों की ढाबे पर खाने की टेबल पर ही मौत हो गई, जबकि जान बचाकर भागे चौथे युवक को भी बदमाशों ने पीछा करके गोलियों से भून डाला। गोलियों की आवाज से ढाबे पर भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए टेबल और कुर्सियों के पीछे छिप गए। वारदात के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए कई मिनट तक मौके पर घूमते रहे और फिर फरार हो गए।
वारदात की सूचना मिलने के बाद रोहतक पुलिस रेंज के आईजी हामिद अख्तर और एसपी गौरव राजपुरोहित समेत जिला पुलिस के तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीआईए, स्पेशल सेल और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से छानबीन की।
इस वारदात को भाऊ रिटोलिया और सन्नी रिटोलिया के बीच गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
