कानपुर में हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के दौरान आयोजित संगोष्ठी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल ने कहा कि दुनिया आज युद्ध, असहिष्णुता, उपभोक्तावाद और प्रकृति के दोहन जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि भारत की आध्यात्मिक दृष्टि, जिसमें हर व्यक्ति के भीतर एक ही ईश्वरीय तत्व स्वीकार किया जाता है, विश्व को शांति और सह-अस्तित्व का रास्ता दिखा सकती है। सेवा, संयम और संतोष को जीवन का आधार बनाकर इन समस्याओं का समाधान संभव है।

गुरुवार को बृजेंद्र स्वरूप पार्क में पांच दिवसीय मेले के अंतर्गत 'राष्ट्र, समाज और सेवा के समसामयिक विषयों पर प्रबुद्ध संवाद' विषय पर संगोष्ठी हुई। डॉ. कृष्ण गोपाल ने कहा कि दुनिया के कई संघर्षों और युद्धों के पीछे बड़ा कारण दूसरे मत और विचार को स्वीकार न कर पाने की प्रवृत्ति है, और इसका उदाहरण रूस-यूक्रेन युद्ध है। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत भारत में अनेक भाषाएं, प्रांत, पूजा पद्धतियां और संप्रदाय होने के बावजूद समाज साथ रहता है। पश्चिमी उपभोक्तावाद पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि बड़ी गाड़ी, महंगे कपड़ों और विलासिता की वस्तुओं की होड़ का कोई अंत नहीं है, और प्रकृति का दोहन पूरी दुनिया के लिए खतरा बन रहा है।

आगरा विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. अरविंद दीक्षित ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ राष्ट्र के प्रति दायित्व बोध भी कराते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकुमार लोहिया ने की। मेला सेवा फाउंडेशन के संस्थापक स्वामीनाथन गुरुमूर्ति ने कहा कि हिंदू समाज और भारतीय संस्कृति के बारे में सकारात्मक जानकारी का अभाव है, जिसे आंकड़ों और प्रमाणों के साथ समाज के सामने लाना जरूरी है। उन्होंने जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को हिंदू समाज के अभिन्न अंग के रूप में देखने की जरूरत पर जोर दिया।

सोनिया गांधी की किताब पर टिप्पणी करते हुए स्वामीनाथन गुरुमूर्ति ने कहा कि राजीव गांधी की हत्या से जुड़े कई अहम सवालों और घटनाक्रमों को किताब में शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने जिनेवा में भारतीय सुरक्षा न लेने, एलटीटीई प्रमुख प्रभाकरण से बातचीत के प्रस्ताव और नलिनी की रिहाई जैसे मुद्दों पर स्पष्टीकरण की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी पूरा सच लिख सकते हैं, सोनिया गांधी नहीं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को परिवार सहित अयोध्या के राम मंदिर जाने की घोषणा पर उन्होंने कहा कि पहले उन्हें पिता के किए गए अपराधों पर क्षमा मांगनी चाहिए, फिर दर्शन करने जाएं।

मेले के पहले दिन देश भर से आई स्वयंसेवी संस्थाओं के 200 से अधिक स्टालों पर सेवा और नवाचार की झलक दिखी। निवारन अप साइकलर्स के स्टाल पर पुरानी धार्मिक पुस्तकों को री-साइकिल कर हनुमान चालीसा और अन्य पुस्तकें तैयार की जा रही हैं, जिन्हें इस्तेमाल के बाद गमले में डालने पर सब्जियां और फूल उगाए जा सकते हैं। संस्था औरैया में किताबें, पेन और भगवान के वस्त्र तैयार करती है। चेन्नई स्थित हिंदू समग्र उन्नति अभियान संस्थान ने ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी दी, जबकि चित्रकूट के सद्गुरु सेवा संस्थान के अस्पताल और देवरिया के कामाख्या ज्योतिष पीठ के स्टाल भी आकर्षण का केंद्र रहे।