अलकनंदा और मंदाकिनी के संगम पर बसा रुद्रप्रयाग आध्यात्मिक विरासत और आधुनिक बुनियादी ढांचे के संगम के रूप में उभर रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुसार इस बार चारधाम यात्रा ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और अब तक लगभग 61 लाख श्रद्धालु यात्रा कर चुके हैं, जबकि कांवड़ यात्रा में करीब 5 करोड़ श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। उन्होंने बताया कि विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने में उत्तराखंड नीति आयोग की रैंकिंग में देश में पहले स्थान पर है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जल्द ही केदारनाथ रोपवे तथा हेमकुंड साहिब रोपवे का कार्य शुरू होने जा रहा है।

वर्ष 2013 की आपदा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और केदारनाथ मास्टर प्लान के तहत केदारपुरी को सुरक्षित और आधुनिक स्वरूप दिया गया है। मंदाकिनी और सरस्वती नदियों के किनारे सुरक्षा दीवारें, भव्य आस्था पथ, आधुनिक चिकित्सा केंद्र और तीर्थ पुरोहितों के लिए सर्वसुविधायुक्त आवास तैयार किए गए हैं। जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों—रुद्रनाथ मंदिर, उखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर और तुंगनाथ (3,680 मीटर)—में भी पर्यटकों की संख्या बढ़ी है, वहीं त्रियुगीनारायण मंदिर 'वेडिंग डेस्टिनेशन' नीति के तहत विवाह तीर्थ के रूप में पहचान बना रहा है।

चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना ने संकरी और भूस्खलन प्रभावित सड़कों को चौड़े व सुरक्षित राजमार्गों में बदल दिया है। बीते एक दशक में रुद्रप्रयाग और केदारनाथ क्षेत्र के गांवों को जोड़ने के लिए सैकड़ों मोटर मार्ग बने हैं। 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना शुरू होने पर सड़क मार्ग का 5 से 6 घंटे का सफर घटकर ढाई से तीन घंटे रह जाएगा। जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग को आधुनिक आईसीयू, टेलीमेडिसिन, 24 घंटे एंबुलेंस सेवा और डिजिटल पैथोलॉजी लैब से लैस किया गया है।

आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में प्रदेश में 3 लाख से अधिक महिलाएं 'लखपति दीदी' बन चुकी हैं और जिला प्रशासन ने 'वोकल फॉर लोकल' के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोसेसिंग, ब्रांडिंग और चारधाम यात्रा के बाजार से जोड़ा है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के अनुसार मुख्यमंत्री के निर्देश पर 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' सेवा संकल्प के तहत प्रशासन की टीमें गांव-गांव जाकर बहुउद्देशीय शिविर लगा रही हैं, ताकि प्रधानमंत्री आवास योजना सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंच सके।