गाजियाबाद के कौशांबी स्थित एक पांच सितारा होटल के कर्मचारियों पर एक रूसी महिला ने अभद्र टिप्पणी, चरित्र पर सवाल उठाने और राष्ट्रीयता के आधार पर भेदभाव करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि होटल कर्मचारी ने उनसे पूछा कि क्या वह देह व्यापार करती हैं। महिला अपने भारतीय मूल के मंगेतर के साथ होटल पहुंची थी। पुलिस से शिकायत के बाद भी एफआईआर दर्ज न होने पर उन्होंने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
महिला 13 नवंबर को अपने मंगेतर के साथ आगरा में एक परिचित की शादी और ताजमहल घूमने के लिए दुबई से भारत आई थी। सफर लंबा होने के कारण वे 13 से 14 नवंबर तक रूम बुक करने के लिए मंगेतर के साथ कौशांबी के होटल में गए। पीड़िता का कहना है कि शाम करीब छह से सात बजे होटल पहुंचने पर रिसेप्शन पर मौजूद तीन कर्मचारियों ने उनसे विवाह प्रमाण पत्र मांगा। पासपोर्ट दिखाने पर एक कर्मचारी ने बिना कारण बताए पासपोर्ट ब्लैकलिस्ट होने की बात कही, जबकि दूसरे ने पूछा कि क्या वह देह व्यापार करती हैं। एक अन्य कर्मचारी ने कहा कि यह परिवार के लोगों के ठहरने की जगह है, उनके जैसी महिला के लिए नहीं। कर्मचारियों ने रूसी और उज्बेकिस्तान के पासपोर्ट धारकों को होटल में ठहरने की अनुमति न होने की बात भी कही। ये सभी टिप्पणियां महिला के मंगेतर और होटल में मौजूद अन्य लोगों के सामने की गईं।
महिला ने जब इन कारणों का लिखित में जवाब मांगा तो होटल कर्मचारियों ने जवाब देने से मना कर दिया। इसके बाद वे होटल से बाहर आ गए और उनके मंगेतर ने प्रबंधन को ईमेल कर शिकायत की तथा सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की। 14 नवंबर को होटल प्रबंधन ने उनसे संपर्क किया, लेकिन सवालों के स्पष्ट लिखित जवाब नहीं दिए।
इसके बाद महिला ने कौशांबी थाने, महिला थाने और 17 नवंबर को पुलिस आयुक्त को भी शिकायत दी, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं हुई। अब उन्होंने 29 नवंबर को दुबई में अपनी वापसी से पहले अदालत से शीघ्र और निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है।
