यूक्रेन ने ड्रोन और मिसाइल से केर्च ब्रिज को निशाना बनाया। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मंगलवार को यह जानकारी दी और इसे एक 'अभूतपूर्व' अभियान बताया। यूक्रेनी सेना के अनुसार पुल के सड़क वाले हिस्से का एक मेहराब और एक हिस्सा ढह गया, जिससे सड़क संपर्क टूट गया। रेल मार्ग बचा रहा, लेकिन मेहराब भी क्षतिग्रस्त हुआ। सेना ने कहा, ''कब्जे का प्रतीक टूट गया है।''
केर्च ब्रिज, जिसे क्रीमियन ब्रिज भी कहा जाता है, रूस के क्रास्नोडार क्राई के तमन प्रायद्वीप और क्रीमिया के केर्च प्रायद्वीप को जोड़ता है। लगभग 19 किलोमीटर लंबे इस पुल में चार-लेन सड़क मार्ग और डबल लाइन रेलवे ट्रैक है। यह पुल रूस से क्रीमिया तक सैन्य और नागरिक आपूर्ति पहुंचाने तथा अग्रिम मोर्चों पर तैनात सैनिकों को सहायता पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी माना जाता है। 2014 में प्रायद्वीप पर रूस के कब्जे के प्रतीक के रूप में इसका निर्माण किया गया था।
रूस की जांच समिति ने पुष्टि की है कि पुल पर ड्रोन से हमला किया गया, जिससे उसे नुकसान पहुंचा है। क्रीमिया में रूस द्वारा नियुक्त गवर्नर सर्गेई अक्स्योनोव ने बताया कि पुल पर यातायात रोक दिया गया था, लेकिन मंगलवार दोपहर तक रेल यातायात बहाल कर दिया गया। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि पुल को बहाल कर दिया जाएगा।
इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने लगातार दूसरी रात यूक्रेन के 1,441 ड्रोन मार गिराए। रूस ने सोमवार को कहा था कि उसने 1,336 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए, जो युद्ध के दौरान अब तक की सबसे अधिक संख्या थी। रूस द्वारा कीव में बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन से दो अहम पुलों को निशाना बनाए जाने की भी खबर है, जिनमें कम से कम दो लोगों की मौत हुई।
