सागर जिले में सितंबर माह में जहरीली शराब पीने से 39 लोगों की मौत के बाद शराब दुकानों के बाहर नियमित शराब पीने वालों की स्वास्थ्य जांच शुरू की गई है। बुधवार तक 400 से अधिक लोगों की जांच हो चुकी है, जिनमें कई लोगों में लीवर संबंधी समस्याएं मिली हैं।
जांच में व्यावहारिक दिक्कतें भी सामने आ रही हैं। ब्लड सैंपल की रिपोर्ट सीधे संबंधित व्यक्ति के मोबाइल पर पहुंच रही है, जिससे विभाग को रिपोर्ट की जानकारी नहीं मिल पा रही। वहीं, आधार कार्ड उपलब्ध नहीं होने पर कुछ लोगों के सैंपल की रिपोर्ट तैयार करने में भी परेशानी हो रही है।
अब प्रशासन की ओर से घर-घर टीमें भेजकर लोगों को शराब के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिले में 300 से अधिक नियमित शराबियों को चिह्नित किया गया है। आबकारी विभाग की टीम स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस, एनजीओ और आशा-ऊषा कार्यकर्ताओं के सहयोग से इन लोगों के घर जाकर काउंसिलिंग करेगी।
अभियान में उन बस्तियों और समुदायों को भी शामिल किया गया है, जहां कच्ची शराब बनाने और पीने का चलन है। इनमें देवरी, बंडा, बीना, नरयावली सहित डेरा और कुचबंदिया, कबूतरा व बेड़िया समुदाय की बस्तियां शामिल हैं। जिला आबकारी अधिकारी वंदना पांडेय के अनुसार, शराब बनाने और पीने वाले समुदायों व बस्तियों को चिह्नित किया गया है, जहां आबकारी अमला स्वास्थ्यकर्मियों, पुलिस और एनजीओ के साथ पहुंचकर लोगों को जागरूक करने के साथ उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी कराएगा।
