उत्तर प्रदेश STF ने औषधि विभाग और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर सहारनपुर में अवैध ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन बनाने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र की दानिश कॉलोनी स्थित एक मकान में गुरुवार को की गई इस छापेमारी में गैंग के सक्रिय सदस्य भूरा को गिरफ्तार किया गया। यूपी STF के अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने सहारनपुर के औषधि निरीक्षक अनिल आनन्द और कोतवाली देहात पुलिस के साथ यह कार्रवाई की।
टीम ने मौके से 200 एमएल की 2,981 भरी हुई ऑक्सीटोसिन बोतलें, 60 लीटर तरल ऑक्सीटोसिन, 10 पैकेट नमक, एक बैग सिलाई मशीन, 7 बोतल कैप सीलिंग मशीन, हजारों खाली प्लास्टिक बोतलें, रबड़ के ढक्कन, एल्युमिनियम कैप सील और पैकिंग के अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
पूछताछ में 12वीं और इलेक्ट्रिशियन से आईटीआई पास अभियुक्त भूरा ने बताया कि उसका गैंग दिल्ली से अवैध तरीके से हाई-डेंसिटी ऑक्सीटोसिन मंगाता था। इसमें नमक, फिनायल, पानी और अन्य केमिकल मिलाकर नकली ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन तैयार किए जाते थे और अलग-अलग साइज की प्लास्टिक शीशियों में पैक कर सहारनपुर व आसपास के जनपदों में सप्लाई किया जाता था। जांच में सामने आया है कि इन प्रतिबंधित इंजेक्शनों की सप्लाई पशुओं से अधिक दूध निकालने तथा सब्जियों व फलों को कम समय में विकसित करने के लिए की जाती थी, जो मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद घातक है। भारत सरकार की राजपत्र अधिसूचना के तहत ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की बिक्री केवल सिंगल यूनिट ब्लिस्टर पैक में ही अनुमन्य है।
आरोपी भूरा पूर्व में भी नूरहसन व सोनू के साथ मिलकर यही अवैध काम करता था और वर्ष 2025 में थाना गंगोह से जेल जा चुका है। बरामद द्रव्य पदार्थ के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं तथा थाना कोतवाली देहात में बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
