सहारनपुर में एआइएमआइएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को गलती से गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने का मामला सामने आया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से जिला पुलिस की किरकिरी हो रही है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष सांसद चंद्रशेखर और एआइएमआइएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी जनपद पहुंचे थे। उनका कलक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण और अन्य मुद्दों को लेकर एडीएम को ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम था।

बताया जाता है कि उसी दौरान कलक्ट्रेट में सुप्रीम कोर्ट के जज के स्वागत के लिए गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी थी, लेकिन न्यायमूर्ति से पहले ओवैसी पहुंच गए। गफलत में पुलिस ने उन्हें ही सलामी दे दी। सर्किट हाउस में ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर देते पुलिस जवान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

माना जा रहा है कि इस गलती के कारण जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है।