सहारनपुर जिला प्रशासन ने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत एक दिसंबर को रिमाउंट डिपो ग्राउंड में होने वाले टैबलेट वितरण कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस कार्यक्रम में सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर के करीब 50 हजार छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए जाएंगे। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने सोमवार को अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद हुई बैठक में डीएम ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा की और निर्देश दिए कि हर व्यवस्था तय समयसीमा के भीतर पूरी हो। उन्होंने कहा कि तीन जनपदों से आने वाले विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। बसों के निर्धारित मार्ग, विद्यार्थियों को लाने-वापस पहुंचाने की व्यवस्था तथा बसों में पुलिस और संबंधित कर्मचारियों की ड्यूटी पहले से तय करने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम स्थल पर विद्यार्थियों के बैठने के लिए 72 ब्लाक बनाए जा रहे हैं। डीएम ने संस्थानवार बैठने की व्यवस्था के साथ हर ब्लाक तक पहुंचने के लिए स्पष्ट संकेतक लगाने को कहा। हर तीन से चार ब्लाक के बीच एक चिकित्सक तैनात रहेगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पर्याप्त एंबुलेंस और चिकित्सा कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पेयजल, जलपान, खानपान और मोबाइल टायलेट की पर्याप्त व्यवस्था कराने को भी कहा गया।
वाहनों की भारी संख्या को देखते हुए पार्किंग के लिए सात स्थल चुने गए हैं। डीएम ने सभी पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती और वैकल्पिक प्रवेश मार्ग व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। वाहनों के आवागमन के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने तथा प्रवेश और निकास द्वारों पर स्पष्ट साइनेज लगाने को कहा गया। विद्युत सुरक्षा, आपातकालीन निकास और फूड सेफ्टी को भी प्राथमिकता में रखा गया है।
एसएसपी अभिनंदन ने कहा कि 50 हजार विद्यार्थियों के अलावा अन्य लोगों की भी बड़ी संख्या में सहभागिता संभावित है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रवेश और निकास द्वार, पार्किंग तथा प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। बिना अधिकृत पास के किसी को प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। सीडीओ डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि 50 हजार टैबलेट वितरण के लिए 72 ब्लाक तैयार किए जा रहे हैं। एडीएम प्रशासन लवी त्रिपाठी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को तय ड्यूटी स्थल पर समय से पहुंचने के निर्देश दिए।
